शहर

मुजफ्फरनगर में पुलिस-बदमाशों की मुठभेड़, गैंगस्टर सलीम को लगी गोली

मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना में पुलिस मुठभेड़ के दौरान गैंगस्टर सलीम उर्फ चोना गोली लगने से घायल हो गया। कांबिंग के दौरान उसके दो साथी भी गिरफ्तार हुए। पुलिस ने चोरी के उपकरण, तमंचे, कारतूस और बाइक बरामद की है।

Image

मुजफ्फरनगर में पुलिस-बदमाशों की मुठभेड़

मुजफ्फरनगर में शुक्रवार सुबह बुढ़ाना कोतवाली पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में गैंगस्टर सलीम उर्फ चोना पैर में गोली लगने से घायल हो गया। वहीं, पुलिस ने घेराबंदी और कांबिंग के दौरान उसके दो अन्य साथियों सरताज और लवकुश को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के उपकरण, दो तमंचे, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक, बुढ़ाना क्षेत्र में बिजली ट्रांसफॉर्मर और किसानों के ट्यूबवेल से उपकरण चोरी की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शुक्रवार सुबह चौकी इंचार्ज हुसैनपुर कलां और दभेड़ी पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाला गिरोह जंगल में चोरी का सामान लेने पहुंचा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जंगल की घेराबंदी कर बदमाशों को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी। खुद को घिरा देख तीनों बदमाश गन्ने के खेत में छिप गए और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सलीम उर्फ चोना गोली लगने से घायल हो गया।

गन्ने के खेत में कांबिंग अभियान

इसके बाद पुलिस ने गन्ने के खेत में कांबिंग अभियान चलाया और सलीम के दो अन्य साथियों सरताज और लवकुश को भी पकड़ लिया। घायल सलीम को उपचार के लिए बुढ़ाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।

सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो बोरियों में ट्रांसफॉर्मर की कॉइल और स्टार्टर समेत चोरी के उपकरण बरामद हुए हैं। इसके अलावा दो तमंचे, कारतूस और एक मोटरसाइकिल भी मिली है। सीओ के मुताबिक, घायल सलीम मूल रूप से सिकेड़ा का रहने वाला है। उसके खिलाफ ट्यूबवेल और अन्य चोरी के करीब दो दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। वह गैंगस्टर एक्ट के मामले में भी आरोपी है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article