बिजनेस

अगर आपके पास भी है 2000 रुपए का नोट तो चौंका देगी आरबीआई की ये रिपोर्ट...

रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने 2000 रुपए के नोटों को लेकर बड़ा अपडेट जारी किया है। RBI ने बताया है कि आज भी बाजार में कितने नोट घूम रहे हैं और कितने नोट बैंकों के पास वापस आए हैं? अगर आपके पास भी 2000 रुपए का नोट है तो आइए बताते हैं आप इन्हे कैसे बदल सकते हैं और कहां इस्तेमाल कर सकते हैं?

Image

2000 rupees note

अगर आपके पास भी 2000 रुपए का गुलाबी नोट है तो ये खबर आपके काम की है। दरअसल, रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया यानी RBI ने 2000 की नोट पर बड़ा अपडेट दिया है जो आपको चौंका सकता है। RBI ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि चलन से हटाए जा चुके 2,000 रुपये के 5,884 करोड़ रुपये मूल्य के नोट अब भी प्रचलन में हैं। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने 19 मई, 2023 को 2000 रुपये मूल्य के बैंक नोटों को प्रचलन से वापस लेने की घोषणा की थी। हालांकि 2000 रुपये के बैंक नोट अब भी वैध मुद्रा बने हुए हैं।

बैंकों को कितने नोट मिले वापस?

RBI ने एक बयान में कहा कि चलन में मौजूद 2000 रुपये के बैंक नोटों का कुल मूल्य 30 सितंबर, 2025 को कारोबार की समाप्ति पर घटकर 5,884 करोड़ रुपये रह गया है। 19 मई, 2023 को चलन से हटाए जाते समय कारोबार की समाप्ति पर इन नोटों का कुल मूल्य 3।56 लाख करोड़ रुपये था। इसका मतलब है कि 19 मई, 2023 तक चलन में रहे 2000 रुपये के कुल बैंक नोटों में से 98।35 प्रतिशत अब वापस आ चुके हैं।

इन नोटों को बदलने की सुविधा रिजर्व बैंक के 19 निर्गम कार्यालयों में उपलब्ध है। इसके अलावा, भारतीय डाक के माध्यम से 2000 रुपये के नोट अपने बैंक खातों में जमा कराने के लिए रिजर्व बैंक के किसी भी जारीकर्ता कार्यालय में भेजे जा सकते हैं।

लीगल टेंडर मतलब क्या है?

रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने कहा था कि भले ही नोटों का इस्तेमाल रोजमर्रा की जिंदगी में न हो लेकिन ये अभी भी लीगल टेंडर हैं। इसका मतलब है कि आप भले ही इन नोटों को इस्तेमाल न कर सकें लेकिन कर्ज का भुगतान करने और वित्तीय मामलों में इसका इस्तेमाल आज भी हो सकता हैं।

कब जारी हुए थे 2000 के नोट?

नवंबर 2016 में 500 और 1000 रुपए के नोटों को RBI ने बंद करने का फैसला लिया था और इसकी जगह नए बंद 500 और 2000 के नोट जारी किए गए थे। लेकिन 4 साल बाद RBI ने फिर से 2000 रुपए के नोटों को बंद करने का ऐलान किया। 2018-19 में 2000 रुपए के नोटों की छपाई बंद कर दी गई थी और अधिकांश नोट मार्च 2017 से पहले ही जारी किए गए थे।

कैसे और कहां बदल सकते हैं नोट?

आरबीआई ने इन नोटों को बदलने का पूरा समय दिया और कहा कि 7 अक्टूबर, 2023 तक आप किसी भी बैंक में जाकर 2000 के नोट जमा कर सकते थे या फिर नोटों को बदलवा सकते थे। ये डेडलाइन भी खत्म हो गई लेकिन अभी तक बैंकों के पास पूरे नोट नहीं पहुंचे हैं। अब आप ये नोट RBI ऑफिस में जाकर बदलवा सकते हैं।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article