FD interest rate 2026 : बाजार में उतार-चढ़ाव और वैश्विक तनाव के बीच साल 2026 में फिक्स्ड डिपॉजिट (Fixed Deposit) एक बार फिर निवेशकों की पहली पसंद बनती जा रही है। खासकर रिटायर लोगों और सुरक्षित निवेश चाहने वालों के लिए FD अब सिर्फ पैसे रखने का माध्यम नहीं, बल्कि हर महीने नियमित आय कमाने का भरोसेमंद तरीका बन चुकी है। शेयर बाजार में सुस्ती और अनिश्चितता के कारण लोग अब ऐसे विकल्प तलाश रहे हैं जहां पूंजी सुरक्षित रहे और निश्चित रिटर्न भी मिलता रहे। पिछले एक साल में निफ्टी 50 का प्रदर्शन करीब सपाट रहा है और कई निवेशकों को उम्मीद के मुताबिक रिटर्न नहीं मिला। वहीं दूसरी तरफ अमेरिका-ईरान जैसे वैश्विक तनावों ने भी बाजार में अस्थिरता बढ़ाई है। ऐसे माहौल में बैंक FD निवेशकों को स्थिर और गारंटीड रिटर्न का विकल्प दे रही हैं। यही वजह है कि 2026 में FD को लेकर लोगों की दिलचस्पी तेजी से बढ़ी है।
25 लाख रुपये की FD से कितनी होगी मासिक आय?
अगर कोई व्यक्ति 25 लाख रुपये की FD कराता है, तो मौजूदा ब्याज दरों के हिसाब से उसे हर महीने करीब 13,500 रुपये से 16,500 रुपये तक की आय हो सकती है। यह आय बैंक की ब्याज दर, निवेश अवधि और निवेशक की प्रोफाइल पर निर्भर करेगी। जिन बैंकों में ब्याज दर ज्यादा है, वहां मासिक कमाई भी अधिक होगी। उदाहरण के तौर पर अगर किसी बैंक में 7.75% सालाना ब्याज मिल रहा है, तो 25 लाख रुपये की FD पर करीब 16,146 रुपये प्रति माह तक ब्याज कमाया जा सकता है। वहीं कम ब्याज दर वाले बैंकों में यह राशि करीब 13,000 रुपये के आसपास रह सकती है।
कौन-सा बैंक दे रहा कितना ब्याज?
देश के बड़े सरकारी और निजी बैंक अलग-अलग ब्याज दरें ऑफर कर रहे हैं। भारतीय स्टेट बैंक (SBI) फिलहाल 6.25% से 7.05% तक ब्याज दे रहा है, जिससे 25 लाख रुपये की FD पर हर महीने लगभग रुपये13,020 से रुपये 14,687 तक आय हो सकती है। एचडीएफसी बैंक 6.40% से 6.95% तक ब्याज दे रहा है, जिससे मासिक आय रुपये13,333 से रुपये 14,479 के बीच रह सकती है। वहीं ICICI बैंक 6.30% से 7.10% तक की दर दे रहा है और इससे हर महीने रुपये 14,791 तक कमाई संभव है। अगर ज्यादा रिटर्न की बात करें तो कोटक महिंद्रा बैंक 7.30% तक ब्याज दे रहा है, जहां मासिक आय रुपये15,208 तक पहुंच सकती है। वहीं यस बैंक सबसे ज्यादा 7.75% तक ब्याज ऑफर कर रहा है, जिससे रुपये 25 लाख की FD पर हर महीने करीब रुपये 16,146 तक कमाए जा सकते हैं।
सीनियर सिटीजंस को मिलेगा ज्यादा फायदा
वरिष्ठ नागरिकों के लिए FD और भी फायदेमंद साबित हो सकती है। ज्यादातर बैंक सीनियर सिटीजंस को सामान्य ग्राहकों की तुलना में 0.50% से 0.75% तक अतिरिक्त ब्याज देते हैं। इससे उनकी मासिक आय और बढ़ जाती है। उदाहरण के तौर पर, SBI में सीनियर सिटीजंस को 7.05% तक ब्याज मिल सकता है, जिससे हर महीने करीब रुपये14,687 की आय होगी। वहीं यस बैंक में 7.75% की दर पर मासिक आय रुपये16,146 तक पहुंच सकती है। रिटायरमेंट के बाद नियमित इनकम चाहने वालों के लिए यह एक सुरक्षित और स्थिर विकल्प माना जा रहा है।
FD के अलावा SCSS भी बना आकर्षक विकल्प
वरिष्ठ नागरिकों के लिए सिर्फ FD ही नहीं, बल्कि सीनियर सिटीजंस सेविंग्स स्कीम (SCSS) भी बेहतर विकल्प बनकर उभरी है। इस सरकारी योजना में फिलहाल 8.2% सालाना ब्याज दिया जा रहा है, जो कई बैंक FD से ज्यादा है। इसमें सरकार की गारंटी भी मिलती है और हर तिमाही ब्याज भुगतान किया जाता है। हालांकि SCSS में निवेश की अधिकतम सीमा और लॉक-इन अवधि जैसी कुछ शर्तें भी हैं। इसलिए वित्तीय सलाहकार इसे रिटायरमेंट फंड के एक हिस्से में निवेश करने की सलाह देते हैं, पूरे पैसे इसमें लगाने की नहीं।
सुरक्षित निवेश की ओर बढ़ रहा रुझान
2026 में निवेशकों का रुझान एक बार फिर सुरक्षित निवेश विकल्पों की ओर बढ़ता दिख रहा है। जहां शेयर बाजार में जोखिम बना हुआ है, वहीं FD जैसे साधन लोगों को मानसिक शांति और नियमित आय दोनों दे रहे हैं। खासकर उन लोगों के लिए जो हर महीने निश्चित कमाई चाहते हैं, बैंक FD एक भरोसेमंद विकल्प बनकर सामने आई है।
