SBI vs HDFC FD Return 2026: अगर आप सुरक्षित निवेश के लिए फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) में पैसा लगाने की योजना बना रहे हैं, तो इस समय देश के बड़े बैंक SBI और HDFC Bank अपने ग्राहकों को आकर्षक ब्याज दरें ऑफर कर रहे हैं। खास बात यह है कि दोनों बैंक सामान्य नागरिकों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग-अलग ब्याज दरें दे रहे हैं। ऐसे में निवेश करने से पहले यह जानना जरूरी है कि किस बैंक में ज्यादा रिटर्न मिल रहा है और कहां निवेश करना ज्यादा फायदेमंद साबित हो सकता है।

FD (Photo: iStock)
मान लीजिए आप 2 साल के लिए 5,00,000 रुपये की एफडी में निवेश करना चाहते हैं। ऐसे में दोनों ही बैंक मैच्योरिटी पर कितना रिटर्न देंगे समझते हैं-
State Bank of India यानी SBI अपने ग्राहकों को 2 साल से अधिक अवधि (2 साल 1 दिन) की FD पर सामान्य नागरिकों के लिए 6.40 प्रतिशत ब्याज दर दे रहा है। वहीं वरिष्ठ नागरिकों को इसी अवधि की FD पर 6.90 प्रतिशत की दर से ब्याज मिल रहा है। अगर कोई सामान्य ग्राहक SBI में 5 लाख रुपये की FD 2 साल के लिए करवाता है तो मैच्योरिटी पर उसे कुल 5,67,701 रुपये मिलेंगे। यानी निवेशक को करीब 67,701 रुपये का ब्याज मिलेगा। दूसरी ओर, वरिष्ठ नागरिकों को इसी निवेश पर कुल 5,73,313 रुपये मिलेंगे, यानी उन्हें लगभग 73,313 रुपये का ब्याज मिलेगा।
अब बात करें HDFC Bank की, तो यह बैंक SBI के मुकाबले थोड़ी ज्यादा ब्याज दर ऑफर कर रहा है। HDFC Bank 2 साल से अधिक अवधि की FD पर सामान्य नागरिकों को 6.45 प्रतिशत और वरिष्ठ नागरिकों को 6.95 प्रतिशत ब्याज दे रहा है। अगर कोई सामान्य ग्राहक HDFC Bank में 5 लाख रुपये की FD 2 साल के लिए करवाता है, तो मैच्योरिटी पर उसे कुल 5,68,424 रुपये मिलेंगे। यानी निवेशक को लगभग 68,424 रुपये का ब्याज मिलेगा। वहीं वरिष्ठ नागरिकों को मैच्योरिटी पर कुल 5,74,055 रुपये मिलेंगे, यानी उन्हें करीब 74,055 रुपये का ब्याज मिलेगा।
कहां मिलेगा ज्यादा फायदा
अगर दोनों बैंकों की तुलना करें, तो HDFC Bank निवेशकों को थोड़ा ज्यादा फायदा दे रहा है। सामान्य नागरिकों को SBI की तुलना में HDFC Bank में करीब 723 रुपये ज्यादा मिल रहे हैं। वहीं वरिष्ठ नागरिकों को लगभग 742 रुपये का अतिरिक्त फायदा हो रहा है। ब्याज दर में सिर्फ 0.05 प्रतिशत का अंतर होने के बावजूद लंबे समय में यह अंतर बढ़ सकता है।
एफडी को लेकर दूसरे पहलू भी जरूरी
वरिष्ठ नागरिकों के लिए दोनों बैंक अतिरिक्त ब्याज दर का लाभ दे रहे हैं, जिससे उनकी FD पर रिटर्न और बेहतर हो जाता है। हालांकि निवेश करने से पहले सिर्फ ब्याज दर ही नहीं, बल्कि बैंक की सुविधाएं, समय से पहले FD तोड़ने के नियम और टैक्स से जुड़े पहलुओं को भी ध्यान में रखना चाहिए। कई बार बैंक विशेष योजनाओं के तहत अतिरिक्त लाभ भी देते हैं, इसलिए निवेश से पहले बैंक की आधिकारिक वेबसाइट जरूर चेक करें।
