बिजनेस

Closing Bell : Nifty 27 अंक लुढ़का, Sensex 64 अंक ऊपर बंद, अचानक क्यों गायब हुई दिनभर की तेजी?

Share Market में बुधवार 10 जून को अलग ही तरह का पैटर्न नजर आया। कारोबार की शुरुआत मजबूती के साथ हुई और दिन में बाजार और ऊपर चढ़कर डे हाई तक पहुंचे। लेकिन, दिन के आखिर में चौतरफा बिकवाली हुई।

Image

आज शेयर बाजार का हाल

Photo : Times Now Digital

Share Market Closing Bell : भारतीय बाजार में आज दिलचस्प ट्रेंड दिखा। कारोबार की शुरुआत में जहां बाजार में चौतरफा खरीदारी देखने को मिली। वहीं, दिन में ज्यादातर इंडेक्स डे हाई पर पहुंच गए। लेकिन, दिन के आखिर में अचानक तेज गिरावट देखने को मिली। इसका नतीजा यह हुआ कि बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स जहां करीब 64 अंक ऊपर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 27 अंक लुढ़कर बंद हुआ। इसके अलावा दिन की शुरुआत में मजबूत कारोबार करने वाले IT और बैंकिंग सेक्टर में दिन के आखिर में तीव्र बिकवाली हावी रही।

सुबह की तेजी आखिर कहां गायब हो गई?

बुधवार का कारोबारी सत्र निवेशकों के लिए बेहद उतार-चढ़ाव भरा रहा। सुबह बाजार में जबरदस्त खरीदारी देखने को मिली थी और BSE Sensex 74,613 के दिन के उच्चतम स्तर तक पहुंच गया था। वहीं Nifty 50 भी 23,425 तक चढ़ गया था। हालांकि जैसे-जैसे कारोबार आगे बढ़ा, बाजार पर बिकवाली हावी होती गई। दिन के अंत में Sensex केवल 64.42 अंक की मामूली बढ़त के साथ 73,983.18 पर बंद हुआ, जबकि Nifty 27.15 अंक टूटकर 23,214.95 पर बंद हुआ। दिलचस्प बात यह रही कि Sensex अपने इंट्राडे हाई से करीब 630 अंक नीचे और Nifty लगभग 210 अंक नीचे बंद हुआ।

इन वजहों से आई गिरावट

सबसे बड़ी वजह मुनाफावसूली रही। सुबह Nifty 23,425 और Sensex 74,613 तक पहुंचने के बाद निवेशकों ने ऊंचे स्तरों पर जमकर मुनाफावसूली की। इसके अलावा विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की लगातार बिकवाली से बाजार पर दबाव बना रहा। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में 1% से ज्यादा की व्यापक गिरावट ने सेंटीमेंट कमजोर किया। मेटल, रियल्टी, PSU बैंक और ऑयल-गैस सेक्टर में भारी बिकवाली देखने को मिली। वैश्विक बाजारों की कमजोरी, पश्चिम एशिया तनाव और कच्चे तेल की कीमतों को लेकर चिंता ने निवेशकों को सतर्क रखा।

FMCG ने रोकी बड़ी गिरावट

Nifty Private Bank इंडेक्स 0.72 फीसदी की बढ़त के साथ दिन का सबसे मजबूत बड़े सेक्टरों में शामिल रहा। इसके अलावा Nifty Financial Services भी 0.21 फीसदी बढ़त के साथ बंद हुआ। यही वजह रही कि Sensex आखिर में हरे निशान में बंद होने में सफल रहा। दिनभर की अस्थिरता के बीच निवेशकों ने डिफेंसिव सेक्टरों में शरण ली। Nifty FMCG इंडेक्स 1.05 फीसदी की मजबूती के साथ बंद हुआ। महंगाई और वैश्विक अनिश्चितताओं के दौर में निवेशक आमतौर पर ऐसे सेक्टरों को प्राथमिकता देते हैं जिनकी आय अपेक्षाकृत स्थिर रहती है। Nifty Chemicals भी 0.13 फीसदी की बढ़त के साथ हरे निशान में बंद हुआ।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article