बिजनेस

Share Market Opening: शेयर बाजार की मजबूत शुरुआत! कच्चा तेल सस्ता होने से Sensex-Nifty में उछाल

आज घरेलू शेयर बाजार में शुरुआती कारोबार के दौरान तेजी देखने को मिली। कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और वैश्विक बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों से निवेशकों का भरोसा बढ़ा। Sensex और Nifty दोनों बढ़त के साथ कारोबार करते नजर आए।

Image

Share Market Opening

पश्चिम एशिया में तनाव और अमेरिका-ईरान के बीच जारी संघर्ष के कारण कच्चे तेल की कीमतों को लेकर बाजार में लगातार चिंता बनी हुई है। इस बीच भारतीय शेयर बाजार में सोमवार को तेजी के साथ कारोबार शुरू हुआ। 30 शेयरों वाला सेंसेक्स बढ़त के साथ 74,535.18 के स्तर पर खुला। बाजार खुलने के करीब एक मिनट बाद यानी सुबह 9 बजकर 16 मिनट पर सेंसेक्स में 402 अंकों की तेजी दिखाई दी। यह 0.54 फीसदी की बढ़त के साथ 74,697.46 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। वहीं, 50 शेयरों वाला निफ्टी भी 23,350 के ऊपर खुला।

सेंसेक्स के 30 शेयरों का हाल

शेयर बाजार का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स सोमवार को तेजी के साथ खुला। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 21 शेयर बढ़त में रहे, जबकि 9 शेयरों में गिरावट देखने को मिली।

अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर में सबसे ज्यादा 3.11 फीसदी की तेजी रही। इसका शेयर बढ़त के साथ 11,001.75 रुपये के स्तर पर कारोबार कर रहा था। वहीं, पावरग्रिड के शेयर में सबसे ज्यादा 0.89 फीसदी की गिरावट देखने को मिली। यह गिरकर 267.60 रुपये के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

इसके अलावा एशियन पेंट्स, ट्रेंट, टाइटन, बजाज फाइनेंस और आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में भी तेजी देखने को मिली। दूसरी ओर, इन्फोसिस, भारती एयरटेल, मारुति, टीसीएस और अडानी पोर्ट्स के शेयरों में गिरावट रही।

FII की बिकवाली थमी, DII की खरीदारी जारी

FII ने कैश मार्केट में लगातार सात दिनों से जारी बिकवाली को रोकते हुए 599 करोड़ रुपये की शुद्ध खरीदारी की। हालांकि कैश, इंडेक्स फ्यूचर्स और स्टॉक फ्यूचर्स को मिलाकर FII लगातार दूसरे दिन 1,333 करोड़ रुपये के शुद्ध बिकवाल रहे। DII ने लगातार 28वें कारोबारी सत्र में खरीदारी जारी रखी और 1,020 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

ग्लोबल मार्केट और कमोडिटी संकेत

एशियाई बाजारों से मिले-जुले संकेत मिले। Taiwan और South Korea का Kospi 0.5 से 1.5 फीसदी तक ऊपर कारोबार कर रहे थे, जबकि Japan का Nikkei सोमवार को बंद रहा। Brent crude का November futures 102 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गया। Comex gold करीब 4,420 डॉलर प्रति औंस पर रहा। घरेलू बाजार में सोना करीब 1,400 रुपये चढ़कर 1.54 लाख रुपये और चांदी 3,400 रुपये बढ़कर करीब 2.42 लाख रुपये पर पहुंच गई।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article