बिजनेस

बिना खर्च घटाए हर महीने कैसे बचाएं 5000 रुपये, अपनाएं ये तरीके

Monthly Saving Guide: क्या आपको भी लगता है कि बचत के लिए खर्च घटाना ही एक मात्र रास्ता है। अगर हां तो ऐसा नहीं है। आप अपनी लाइफस्टाइल में बिना ज्यादा बदलाव किए भी हर महीने बचत कर सकते हैं।

Image

हर महीने ऐसे बचाएं पैसा (AI Generated Image)

Monthly Saving Guide: हर महीने पैसे बचाने की कोशिश करते समय सबसे पहले दिमाग में यही आता है कि खर्च कम करना होगा। बाहर खाना बंद करना पड़ेगा, शॉपिंग कम करनी होगी या OTT और दूसरे सब्सक्रिप्शन बंद करने होंगे। लेकिन क्या बचत बढ़ाने के लिए हर बार खर्चों में कटौती करना जरूरी है? इसका जवाब है नहीं।

अगर आपके जरूरी खर्च पहले से तय हैं और आप अपनी लाइफस्टाइल में ज्यादा बदलाव नहीं करना चाहते, तब भी हर महीने बचत की जा सकती है। इसके लिए आपको खर्च कम करने के बजाय अपनी कमाई और बचत के तरीके पर ध्यान देना होगा।

सबसे पहले तय करें बचत का लक्ष्य

मान लीजिए आप हर महीने 5000 रुपये बचाना चाहते हैं, तो सालभर में आपकी यही बचत 60,000 रुपये हो जाएगी।

इसके लिए आपको हर महीने किसी तरह अतिरिक्त 5,000 रुपये की रकम तैयार करनी होगी। यह रकम केवल सैलरी से बचाना जरूरी नहीं है। आप अपनी अतिरिक्त कमाई, बोनस, इंसेंटिव या दूसरी इनकम को बचत में डाल सकते हैं।

साइड इनकम से बचाएं 5,000 रुपये

बिना खर्च घटाए बचत करने का सबसे सीधा तरीका है कि आप अपनी मौजूदा इनकम के अलावा थोड़ी एक्स्ट्रा इनकम बनाएं। अगर आप महीने में 5,000 रुपये अतिरिक्त कमा लेते हैं और उस पैसे को खर्च करने के बजाय सीधे बचत में डाल देते हैं तो आपकी रोजमर्रा की लाइफस्टाइल पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

इसके लिए अपनी स्किल के हिसाब से छोटा काम शुरू किया जा सकता है। आप कंटेंट राइटिंग, ग्राफिक डिजाइनिंग, वीडियो एडिटिंग, ऑनलाइन ट्यूशन, सोशल मीडिया मैनेजमेंट, फ्रीलांसिंग या ट्रांसलेशन से कमाई कर सकते हैं।

सैलरी बढ़े तो पूरी रकम खर्च न करें

अगर आपकी सैलरी में इंक्रीमेंट मिलता है तो अक्सर लाइफस्टाइल भी उसी हिसाब से महंगी हो जाती है। इसे रोककर भी बचत बढ़ाई जा सकती है। मान लीजिए आपकी सैलरी 40,000 से बढ़कर 45,000 रुपये हो गई। अगर आप पहले वाले खर्चों को जारी रखते हैं और बढ़ी हुई 5,000 रकम को सीधे बचत में डाल देते हैं तो आप बिना मौजूदा खर्च घटाए हर महीने 5,000 रुपये की बचत शुरू कर सकते हैं।

बोनस और इंसेंटिव को बचाएं

हर महीने एक्स्ट्रा इनकम मिलना जरूरी नहीं है। अगर आपको साल में बोनस, इंसेंटिव या कोई दूसरी अतिरिक्त रकम मिलती है तो उसका इस्तेमाल रोजमर्रा के खर्च बढ़ाने में करने के बजाय बचत के लिए किया जा सकता है।

उदाहरण के लिए अगर साल में 60,000 रुपये का बोनस मिलता है तो इसे 12 महीनों में बांटने पर औसतन 5,000 रुपये प्रति महीने की बचत के बराबर माना जा सकता है।

बचत को ऑटोमैटिक बनाएं

कई बार समस्या कम कमाई नहीं बल्कि यह होती है कि बचत करने से पहले पैसा खर्च हो जाता है। इससे बचने के लिए सैलरी आने के तुरंत बाद एक तय रकम अलग खाते में ट्रांसफर कर सकते हैं। अगर आपकी अतिरिक्त इनकम या सैलरी इंक्रीमेंट से 5,000 मिल रहे हैं तो इस रकम को अलग सेविंग अकाउंट, एफडी या अपने लक्ष्य के हिसाब से किसी निवेश विकल्प में रखा जा सकता है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article