बिजनेस

CNG-PNG गैस के घट गए रेट, सिर्फ इतने रुपये में मिलेगी 1KG; क्या हैं नई दरें

CNG Rate : देशभर में सीएनजी-पीएनजी गैस के मामूली रेट गिरने से सीएनजी ऑटो-कार समेत अन्य वाहन चालकों को बड़ी राहत मिली है। यह कटौती खाना पकाने के लिए पीएनजी का उपयोग करने वाले घरों और सीएनजी वाहनों के उपभोक्ताओं के खर्च में कमी लाएगी। आइये जानते हैं देश के विभिन्न शहरों में सीएनजी-पीएनजी के प्रति किलो दाम कितने हैं?

Image

सीएनजी गैस सस्ती (फोटो-Istock)

वाहन चालकों और घरेलू गैस का इस्तेमाल करने वालों के लिए खुशखबरी है क्योंकि अब गैस के दाम में मामूली कटौती कर राहत दी गई है। गैस वितरण कंपनी टोरेंट गैस, अदाणी समूह और फ्रांसीसी ऊर्जा कंपनी टोटलएनर्जीज के संयुक्त उद्यम अदाणी टोटल गैस लिमिटेड (ATGL) ने कई बाजारों में सीएनजी और खाना पकाने के लिए पाइप से मिलने वाली प्राकृतिक गैस की कीमतों में कटौती की है। इस कटौती से आम उपभोक्ताओं और वाहन चालकों को डायरेक्ट लाभ मिलेगा।

टोरेंट गैस ने घटाए दाम

सीएनजी की रिटेल कीमत में 3.50 रुपये प्रति किलोग्राम तक और घरेलू पीएनजी में दो रुपये प्रति मानक घन मीटर तक की कटौती करने की घोषणा की गई है। टोरेंट समूह की कंपनी ने कहा कि इस कटौती के बाद सीएनजी की कीमत पेट्रोल की तुलना में 43 प्रतिशत तक सस्ती हो जाएगी। यह राहत देशभर में राष्ट्रीय गैस ग्रिड से जुड़े टोरेंट गैस के परिचालन क्षेत्रों में लागू होगी। सीएनजी और पीएनजी के दामों में यह कटौती पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस नियामक बोर्ड (पीएनजीआरबी) के एकीकृत शुल्क ऑर्डर के लागू होने के बाद संभव हो सकी है, जो एक जनवरी 2026 से प्रभावी हो गया है। एकीकृत शुल्क व्यवस्था के तहत पाइपलाइन परिवहन शुल्क को एकसमान किया गया है, जिससे शहरी गैस वितरक कंपनियों की लागत में कमी आई है।

शहर का नामसीएनजी के रेटपीएनजी के रेट
दिल्ली77.9 रुपये/किलो48.59 /SCM
नोएडा85.7 रुपये/किलो47.76/SCM
मुंबई76.6 रुपये/किलो50-55 /SCM
कानपुर90 रुपये/किलो49.95 /SCM
बेंगलुरु88.95 रुपये/किलो51.50 /SCM
हैदराबाद96रुपये/किलो54 /SCM

कंपनी ने कहा कि कीमतों में यह कटौती खाना पकाने के लिए पीएनजी का उपयोग करने वाले घरों और सीएनजी वाहनों के उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देगी। इससे आम आदमी के घरेलू खर्च में कमी आएगी। इसके पहले शहरी गैस वितरण से जुड़ी गेल गैस लिमिटेड, इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) और थिंक गैस कंपनी भी सीएनजी एवं पीएनजी की कीमतों में कटौती की घोषणा कर चुकी हैं। टोरेंट गैस के मुताबिक, इस कदम से नए घरेलू गैस कनेक्शनों की मांग बढ़ने के साथ यात्री एवं वाणिज्यिक दोनों श्रेणियों में नए सीएनजी वाहनों की बिक्री को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

कंपनी ने कहा कि वह हमेशा लागत में कमी का लाभ अपने ग्राहकों तक पहुंचाने में अग्रणी रही है। फिलहाल टोरेंट गैस 34 जिलों में 526 सीएनजी स्टेशन संचालित कर रही है और दो लाख से अधिक घरों को पाइपयुक्त रसोई गैस कनेक्शन उपलब्ध करा चुकी है।

एटीजीएल ने क्यों कम किए दाम

अदाणी समूह और फ्रांसीसी ऊर्जा कंपनी टोटलएनर्जीज के संयुक्त उद्यम अदाणी टोटल गैस लिमिटेड (एटीजीएल) ने कई बाजारों में सीएनजी और खाना पकाने के लिए पाइप से मिलने वाली प्राकृतिक गैस की कीमतों में कटौती की है। कंपनी ने कहा कि सीएनजी और घरेलू पाइप प्राकृतिक गैस (पीएनजी) की कीमतों में अधिकतम चार रुपये तक की कटौती हुई है। यह कटौती पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस नियामक बोर्ड (पीएनजीआरबी) द्वारा किए गए ऐतिहासिक शुल्क सुधार के बाद की गई है। इसके तहत गैस परिवहन शुल्क को सुव्यवस्थित किया गया है, जिससे सिटी गैस वितरकों की लागत कम हुई।

एटीजीएल ने कहा कि कीमतों में कटौती क्षेत्र के अनुसार अलग-अलग है, जो परिवहन जोन पर निर्भर है। गुजरात और उससे सटे मध्य प्रदेश-महाराष्ट्र क्षेत्रों में सीएनजी अब 0.50 रुपये से 1.90 रुपये प्रति किलोग्राम सस्ती हो गई है। यहां पीएनजी की कीमत में अधिकतम 1.10 रुपये प्रति मानक घन मीटर की कमी आई है।

कहां सस्ती हुई सीएनजी

राजस्थान, पंजाब, हरियाणा-एनसीआर, उत्तरी मध्य प्रदेश और उससे सटे उत्तर प्रदेश क्षेत्रों में सीएनजी की कीमत 1.40 रुपये से 2.55 रुपये प्रति किलोग्राम तक घटी है। यहां पीएनजी 1.10 रुपये से 4.00 रुपये प्रति मानक घन मीटर तक सस्ती हुई है। मध्य और पूर्वी भारत में सीएनजी की कीमतों में 1.81 रुपये से 4.05 रुपये प्रति किलोग्राम की कटौती की गई है और पीएनजी की कीमत में अधिकतम 4.00 रुपये प्रति मानक घन मीटर की कमी आई है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article