बिजनेस

Stock Market Today: Sensex 648, Nifty 23600 पार, क्रूड में तेजी फिर भी क्यों भागा बाजार?

शेयर बाजार में नवंबर के दूसरे कारोबारी दिन भी बाजार में जोरदार तेजी का माहौल है। बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स 648 अंक से ज्यादा उछल गया है। वहीं, निफ्टी 23600 से ऊपर निकल गया है।

Image

शेयर बाजार में तेजी

Stock Market Today : भारतीय शेयर बाजार में मंगलवार, 3 नवंबर को लगातार चौथे कारोबारी सत्र में तेजी का सिलसिला जारी रहा। महंगे कच्चे तेल और एशियाई बाजारों में कमजोरी के बावजूद घरेलू शेयर बाजार में जबरदस्त खरीदारी देखने को मिली। सुबह कारोबार शुरू होते ही Sensex 76,000 के पार निकल गया, जबकि Nifty ने 23,600 का स्तर पार कर लिया। खास बात यह रही कि बाजार को विदेशी निवेशकों की वापसी, कंपनियों के मजबूत तिमाही नतीजों और क्रूड की कीमतों में पिछली गिरावट से सपोर्ट मिला।

सेंसेक्स 648.35 अंक यानी 0.86% की तेजी के साथ 76,341.13 पर कारोबार कर रहा था। वहीं, निफ्टी 170.75 अंक यानी 0.73% उछलकर 23,611.55 पर पहुंच गया। कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 76,421.48 और निफ्टी ने 23,632.05 का हाई बनाया। इससे पहले सोमवार को भी सेंसेक्स 1,233 अंक और निफ्टी 388 अंक की बढ़त के साथ बंद हुए थे।

FII की वापसी से बाजार को मिला बड़ा सहारा

बाजार में तेजी की सबसे अहम वजह विदेशी निवेशकों की खरीदारी मानी जा रही है। लंबे समय तक बिकवाली करने के बाद विदेशी पोर्टफोलियो निवेशक (FPI) भारतीय बाजार में फिर से खरीदारी करते दिखाई दे रहे हैं।

NSE के प्रोविजनल आंकड़ों के मुताबिक, सोमवार को विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयर बाजार में 3,115 करोड़ रुपये की शुद्ध खरीदारी की। हालांकि, घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने इसी दौरान 392 करोड़ रुपये की शुद्ध बिकवाली की। विदेशी निवेशकों की वापसी से बाजार के सेंटीमेंट को मजबूती मिली है।

क्रूड ऊपर पर सेंटिमेंट मजबूत

कच्चे तेल की कीमतें भारतीय बाजार के लिए चिंता का विषय बनी हुई हैं। मंगलवार सुबह ब्रेंट क्रूड करीब 104.82 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था। इसमें मामूली तेजी थी। लेकिन यहां समझने वाली बात यह है कि पिछले कारोबारी सत्र में ब्रेंट क्रूड करीब 7% टूट गया था। हालांकि, ईरान और कतर के मध्यस्थों के बीच बातचीत से अमेरिका-इजरायल और ईरान के युद्ध को समाप्त करने की उम्मीदें बढ़ी हैं।

नतीजों से बढ़ा निवेशकों का भरोसा

सितंबर तिमाही के नतीजे भी बाजार को सपोर्ट कर रहे हैं। जिन कंपनियों के नतीजे उम्मीद से बेहतर आ रहे हैं, उनमें निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ रही है। मंगलवार को मैरिको के शेयर शुरुआती कारोबार में करीब 4.5% चढ़ गए। कंपनी ने तिमाही मुनाफे के मामले में बाजार की उम्मीदों को पीछे छोड़ा। कम खोपरा लागत और मजबूत मांग से कंपनी को फायदा हुआ। इसके अलावा रिलायंस इंडस्ट्रीज के मजबूत तिमाही नतीजों ने सोमवार की तेजी में बड़ी भूमिका निभाई थी।

FMCG और सीमेंट शेयरों में जोरदार खरीदारी

सेक्टर के लिहाज से निफ्टी सीमेंट 2.47% की तेजी के साथ सबसे आगे रहा। निफ्टी केमिकल्स 1.65%, FMCG 1.52%, फाइनेंशियल सर्विसेज 25/50 और IT इंडेक्स 1.15% ऊपर थे। ऑटो, बैंकिंग और रियल्टी शेयरों में भी खरीदारी देखने को मिली। इसके उलट निफ्टी फार्मा 0.55% और हेल्थकेयर इंडेक्स 0.49% नीचे कारोबार कर रहे थे। कुल मिलाकर सुबह के कारोबार में 2,371 शेयरों में तेजी और 592 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। यानी तेजी सिर्फ चुनिंदा बड़े शेयरों तक सीमित नहीं थी, बल्कि बाजार में व्यापक खरीदारी देखने को मिली।

    Yateendra Lawaniya
    यतींद्र लवानियाauthor

    प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

    और पढ़ें
    End of Article