देश के नए CAG होंगे जम्मू-कश्मीर के पूर्व उप राज्यपाल जीसी मुर्मू, राजीव महर्षि की लेंगे जगह

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 7, 2020, 07:06 AM IST

NEW CAG: सरकार ने जम्मू-कश्मीर के पूर्व उप राज्यपाल गिरीश चंद्र मुर्मू को देश का नया सीएजी नियुक्त किया है। इस संबंध में सरकार की तरफ से अधिसूचना जारी हो चुकी है।

देश के नए CAG होंगे जम्मू-कश्मीर के पूर्व उप राज्यपाल जीसी मुर्मू, राजीव महर्षि की लेंगे जगह

नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने जम्मू और कश्मीर के पूर्व उपराज्यपाल गिरीश चंद्र मुर्मू को भारत के नियंत्रक और महालेखा परीक्षक (CAG) नियुक्त किया है। इस संबंध में गुरुवार देर शाम सरकार की तरफ से अधिसूचना जारी कर दी गई है। मुर्मू राजस्थान काडर के 1978 बैच के आईएएस अधिकारी राजीव महर्षि की जगह लेंगे जिनका कार्यकाल सात अगस्त को पूरा हो रहा है। महर्षि को 2017 में CAG नियुक्त किया गया था औऱ उनका कार्यकाल तीन साल का रहा। गिरीश चंद्र मुर्मू आज राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह के दौरान सीएजी के पद के पद की शपथ लेंगे।

जारी हुआ नोटिफिकेशन

 आर्थिक मामलों के विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, ‘राष्ट्रपति को श्री गिरीश चन्द्र मुर्मू को भारत का नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक नियुक्त करते हुए बहुत प्रसन्नता हो रही है, उनकी नियुक्ति पदभार संभालने के तिथि से प्रभावी होगी।’ इससे पहले गुरुवार को ही राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल के पद से मुर्मू का इस्तीफा स्वीकार कर लिया था। पूर्व केन्द्रीय मंत्री और उत्तर प्रदेश से भाजपा के वरिष्ठ नेता मनोज सिन्हा को जम्मू-कश्मीर का नया उपराज्यपाल बनाया गया है।

कौन हैं मुर्मू
मुर्मू 1985 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। बुधवार को जब उन्होंने अचानक से जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल पद से इस्तीफा दिया तो तभी से कयास लग रहे थे कि वो देश के नए सीएजी हो सकते हैं। गुजरात काडर के पूर्व आईएएस अधिकारी 60 वर्षीय मुर्मू को अक्टूबर, 2019 उपराज्यपाल नियुक्त किया गया था। जम्मू-कश्मीर का उपराज्यपाल नियुक्त किए जाने से पहले मुर्मू वित्त मंत्रालय में व्यय सचिव थे। वह नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री काल में उनके प्रधान सचिव भी रह चुके हैं। उनकी गिनती एक तेज-तर्रार प्रशासनिक अधिकारी की भी रही है।
 

End of Article