क्रिकेट

ये शुरुआत है, सबसे तेज टी20 शतक जड़ने वाले अभिषेक को गुरु युवराज की खास सलाह

युवराज सिंह ने अपने शिष्य अभिषेक शर्मा की तारीफ की है। उन्होेंने इंस्टाग्राम पोस्ट पर अभिषेक की तारीफ करते हुए एक हिदायत भी दी। अभिषेक ने तीसरे टी20 मुकाबले में शानदार शतकीय पारी खेली थी।

Image

अभिषेक शर्मा (साभार-X)

अफगानिस्तान के खिलाफ ऐतिहासिक पारी खेलने वाले अभिषेक शर्मा को गुरु युवराज सिंह ने खास संदेश दिया है। युवराज ने अपने इंस्टाग्राम पर अभिषेक शर्मा की कुछ तस्वीरें शेयर करते हुए उन्हें भविष्य की शुभकामनाएं दी है और एक खास सलाह भी दी है। युवराज ने पोस्ट में लिखा 'टी20 में सबसे तेज शतक लगाने के लिए सर अभिषेक को बधाई। मुझे तुम्हारी मेहनत पर कोई संदेह नहीं था कि तुम एक दिन कुछ बड़ा हासिल करोगे। ये तो केवल शुरुआत है अभी कई बड़े रिकॉर्ड टूटेंगे। एक बार एक महान आदमी ने कहा था 'कोई तुम पर स्टोन फेंके तो तुम उसे माइलस्टोन में बदल दो। तुम अपने बल्ले को बात करने दो और वही तुम कर भी रहे हो। मुझे तुम पर गर्व है, विनम्र बने रहो और प्रोसेस पर ध्यान दो।

तीसरे टी20 में धमाकेदार पारी

अभिषेक शर्मा ने दिल्ली में अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे टी20 मुकाबले में विस्फोटक शतकीय पारी खेलकर कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए थे। 30 गेंद में शतक जड़ने वाले अभिषेक ना केवल भारत के बल्कि टेस्ट खेलने वाले नेशन की तरफ से सबसे तेज टी20 शतक जड़ने वाले खिलाड़ी भी बने थे। उन्होंने 34 गेंद में 9 चौके और 11 छक्के की मदद से 108 रन की पारी खेली थी। सबसे तेज शतक के अलावा यह किसी भारतीय द्वारा एक पारी में सर्वाधिक छक्के का रिकॉर्ड भी था। अभिषेक को प्लेयर ऑफ द मैच के अलावा प्लेयर ऑफ द सीरीज भी चुना गया था। अब अभिषेक एशियन गेम्स में एक्शन में होंगे। भारत को एशियन गेम्स में अपना पहला मुकाबला 28 सितंबर को खेलना है।

गुरु की राह पर शिष्य अभिषेक

टी20 में भारत की ओर से सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड और किसी के नहीं बल्कि अभिषेक को ट्रेनिंग देने वाले युवराज सिंह के नाम है। अभिषेक ने टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के खिलाफ केवल 12 गेंद में अर्धशतक जड़ा था, जिसमें 6 गेंद में 6 छक्के शामिल थे। अब अभिषेक ने सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article