Nitin Nabin: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शुक्रवार को बिहार में बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता के लिए अपने सांसद वेतन के तीन महीने की राशि के रूप में 6.35 लाख रुपये मुख्यमंत्री राहत कोष में देने की घोषणा की। बता दें कि इस साल अप्रैल में राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए नितिन नवीन ने यह घोषणा सोशल मीडिया मंच एक्स पर की।
हर परिवार को 7,000 रुपये की वित्तीय सहायता
नितिन नवीन ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य की भाजपा नीत सरकार अब तक बाढ़ प्रभावित प्रत्येक परिवार को 7,000 रुपये वित्तीय सहायता के रूप में कुल 579 करोड़ रुपये से अधिक की राशि दे चुकी है। उन्होंने कहा कि बिहार में बाढ़ की स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है और सरकार पूरी तैयारी के साथ यह सुनिश्चित कर रही है कि प्रभावित लोगों तक समय पर राहत व आवश्यक सहायता पहुंचे।
एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें तैनात
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बताया कि बचाव कार्यों के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम तैनात हैं। साथ ही राहत शिविर, सामुदायिक रसोई, चिकित्सा सुविधाएं और पशुओं के चारे की व्यवस्था भी की गई है। उन्होंने कहा कि फसल क्षति का आकलन किया जा रहा है और किसानों को आवश्यक सहायता प्रदान की जाएगी।
शिवराज सिंह चौहान ने भी हाल ही में किया बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा
नितिन नवीन ने यह भी कहा कि केंद्र सरकार की ओर से केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हाल ही में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया, प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा, "हम सभी बिहार के बाढ़ प्रभावित परिवारों के साथ पूरी प्रतिबद्धता के साथ खड़े हैं।" इन दिनों बिहार के कई प्रमुख शहर, जिले और गांव बाढ़ की चपेट में हैं, जिसके चलते लाखों परिवार प्रभावित हैं।
