8th Pay Commission : मोदी सरकार ने 8वें वेतन आयोग की घोषणा 16 जनवरी 2025 को कर दी थी। यह आयोग 50 लाख से अधिक केंद्र सरकार के कर्मचारियों और करीब 65 लाख पेंशनभोगियों को वेतन, पेंशन और भत्तों में संशोधन के माध्यम से लाभ पहुंचाएगा। इसका क्रियान्वयन 1 जनवरी 2026 से प्रभावी होगा। हालांकि अभी भी वेतन आयोग के गठन का इंतजार है।
8th Pay Commission: वेतन आयोग क्या करता है?
वेतन आयोग केंद्र सरकार का एक महत्वपूर्ण निकाय होता है जो केंद्र सरकार के कर्मचारियों के वेतन, भत्तों और अन्य लाभों की समीक्षा करता है और उनमें जरूरी संशोधन की सिफारिश करता है। इसका मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों को आर्थिक रूप से न्यायपूर्ण और यथोचित वेतन देना होता है।
- यह आयोग वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग के अंतर्गत कार्य करता है।
- आमतौर पर हर 10 वर्षों में एक वेतन आयोग गठित किया जाता है।
- पहला वेतन आयोग 1946 में बना था।
- अब तक सात वेतन आयोग बन चुके हैं।
- 7वां वेतन आयोग 2014 में गठित हुआ था और इसकी सिफारिशें 2016 से लागू की गई थीं।
वर्तमान में केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को 7वें वेतन आयोग की सिफारिशों के आधार पर वेतन और पेंशन मिल रही है। सरकार वेतन आयोग की सिफारिशों को पूरी तरह से, आंशिक रूप से या पूरी तरह से अस्वीकार भी कर सकती है।
8th Pay Commission: वेतन आयोग की जरुरत क्यों होती है?
- वेतन संशोधन: महंगाई, जीवन यापन की लागत और आर्थिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए वेतन व भत्तों में संशोधन करता है।
- राजकोषीय प्रभाव: करोड़ों कर्मचारियों के वेतन पर प्रभाव के कारण सरकारी खर्चे में बदलाव आता है।
- व्यापक प्रभाव: राज्य सरकारों और निजी क्षेत्र के वेतन ढांचे पर भी इसका असर पड़ता है।
- सामाजिक समानता: समान वेतन की सिफारिशें करके आय में असमानता को कम करता है।
- भत्तों की समीक्षा: आवास, मेडिकल, यात्रा आदि भत्तों में संशोधन की सिफारिश करता है।
8th Pay Commission: 8वां वेतन आयोग और इसका महत्व
8वां वेतन आयोग करीब 1 करोड़ केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को लाभ पहुंचाएगा। इस बार सभी की नजर “फिटमेंट फैक्टर” पर है, जो यह तय करेगा कि वेतन या पेंशन में कितनी बढ़ोतरी होगी।
8th Pay Commission: फिटमेंट फैक्टर क्या है?
यह एक सामान्य गुणांक (multiplier) होता है, जो सभी वेतन कैटेगरी और ग्रेड पे के लिए संशोधित वेतन या पेंशन को तय करने में उपयोग होता है। यह वेतन वृद्धि को सभी स्तरों पर एकरूपता प्रदान करता है। अगर किसी कर्मचारी का मौजूदा मूल वेतन ₹40,000 है और फिटमेंट फैक्टर को 2.5 निर्धारित किया जाता है (जैसा कि कयास लगाए जा रहे हैं), तो नया वेतन ₹1,00,000 तक पहुंच सकता है। अंतिम बढ़ोतरी ग्रेड पे और अन्य कारकों पर निर्भर करेगी।
8वां वेतन आयोग न केवल वेतन और पेंशन में वृद्धि लाएगा, बल्कि करोड़ों परिवारों की आर्थिक स्थिति में भी सकारात्मक बदलाव लाएगा। हालांकि अंतिम निर्णय सिफारिशों की घोषणा के बाद ही सामने आएगा।
