Kanpur House Collapse: कानपुर के साढ़ थाना क्षेत्र में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। हिरनी गांव में एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मकान के मलबे में कई अन्य लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस व प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य में जुट गईं। मलबा हटाकर लोगों को बाहर निकालने का काम जारी है। पुलिस ने हादसे में घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा है।
जानकारी के अनुसार, मकान ढहने की खबर फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए। घटनास्थल पर हजारों लोगों की भीड़ जमा हो गई है। राहत और बचाव कार्य के दौरान मलबे में किसी अन्य व्यक्ति के दबे होने की आशंका को देखते हुए सावधानी से सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि मृतकों में पिता और दो बेटियां शामिल हैं। हालांकि हादसे का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। प्रशासन की टीम घटनास्थल पर मौजूद है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
