शहर

Mumbai News: मुंबई में दही हांडी उत्सव के दौरान हादसा, 7 साल के बच्चे की मौत, 376 'गोविंदा' घायल

मुंबई में दही हांडी उत्सव के दौरान एक 7 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि 376 गोविंदा घायल हो गए। मालवणी में बच्चों के दही हांडी मनाने के दौरान ईंटों का खंभा गिरने से हादसा हुआ। BMC के अनुसार 53 घायल अस्पताल में भर्ती हैं।

Image

मुंबई में दही हांडी उत्सव के दौरान अलग-अलग जगहो पर हादसे

Photo : Times Now Digital

Mumbai Dahi Handi Accident: महाराष्ट्र में जन्माष्टमी के पावन अवसर पर शनिवार को पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया दही हांडी उत्सव कई जगह हादसों की भेंट चढ़ गया। बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) के अधिकारियों द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, मुंबई में दही हांडी से जुड़ी घटनाओं में एक 7 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि मानव पिरामिड बनाने के दौरान संतुलन बिगड़ने और गिरने से कुल 376 गोविंदा घायल हो गए।

मालवणी में दीवार ढहने से मासूम की मौत

नागरिक निकाय के एक अधिकारी के अनुसार, मालवणी के चिकुवाड़ी स्थित एकता वेलफेयर सोसाइटी में शनिवार दोपहर बच्चों का एक समूह अपने स्तर पर दही हांडी मना रहा था। इसी दौरान ईंटों से बना एक खंभा अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आने से सात साल के एक मासूम बच्चे की जान चली गई।

शहर भर में 376 गोविंदा घायल

हवा में लटकी मटकियों को फोड़ने के लिए कई मंजिला मानव पिरामिड बनाते समय संतुलन बिगड़ने से मुंबई के अलग-अलग इलाकों से कुल 376 प्रतिभागियों के घायल होने की खबर सामने आई है। इनमें सबसे ज्यादा 183 घायल मुंबई के द्वीप शहर के अस्पतालों में पहुंचे। इसके बाद पश्चिमी उपनगरों में 126 और पूर्वी उपनगरों में 62 लोगों का इलाज किया गया। बीएमसी के अनुसार, प्राथमिक उपचार के बाद 286 गोविंदाओं को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, जबकि 53 लोगों अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं और 37 अन्य का भी विभिन्न स्तरों पर इलाज जारी है।

KEM अस्पताल में सबसे ज्यादा घायल पहुंचे

BMC के आंकड़ों के मुताबिक, परेल के KEM अस्पताल में सबसे अधिक 76 घायल गोविंदा पहुंचे। इसके बाद जोगेश्वरी के HBT ट्रॉमा केयर अस्पताल में 34, घाटकोपर के राजावाड़ी अस्पताल में 33 और विक्रोली के वी. देसाई अस्पताल में 33 घायलों का इलाज किया गया। वहीं मुंबई सेंट्रल के नायर अस्पताल में 32, जबकि सायन अस्पताल और गोवंडी के BDBA अस्पताल में 18-18 घायल गोविंदाओं का इलाज किया गया। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, उपचाराधीन मरीजों की हालत स्थिर है और डॉक्टर उनकी हालत पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article