ऑटो न्यूज़

Amazon-Flipkart से ऑनलाइन खरीदें बाइक, Credit Card और कूपन से होगी हजारों रुपये की बचत

फेस्टिव सीजन पर एक नई बाइक खरीदने का मन बना रहे हैं तो ये जानकारी आपके काम की साबित हो सकती है। आप बाइक को ऑनलाइन ऑर्डर कर हजारों रुपये की बचत कर सकते हैं।

Image

Amazon-Flipkart से ऑनलाइन खरीदें बाइक, हजारों रुपये की होगी बचत (AI Generated Image)

त्योहारी सीजन में अगर आप नई बाइक खरीदने की योजना बना रहे हैं तो शोरूम जाने से पहले Amazon और Flipkart पर भी कीमतें जरूर चेक कर लें। दरअसल, अब इन ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए भी दोपहिया वाहन खरीदे जा सकते हैं। खास बात यह है कि ऑनलाइन खरीदारी पर प्लेटफॉर्म कूपन, बैंक ऑफर और क्रेडिट कार्ड के रिवॉर्ड पॉइंट्स का फायदा मिल सकता है। सही ऑफर चुनकर ग्राहक हजारों रुपये बचा सकते हैं। हालांकि, खरीदारी से पहले कुछ जरूरी बातों को समझना भी बेहद जरूरी है।

ऑनलाइन बाइक खरीदने पर कितनी होगी बचत?

Amazon से 2.86 लाख रुपये की Harley-Davidson बाइक खरीदते हैं तो करीब 20,000 रुपये तक की बचत कर सकते हैं। इसमें 15,000 रुपये का Amazon कूपन और 5,000 रुपये का क्रेडिट कार्ड डिस्काउंट शामिल कर सकते हैं। Amazon पर कुछ चुनिंदा Hero और Harley-Davidson बाइक पर 2,500 से 10,000 रुपये तक की छूट मिल रही है। वहीं, Flipkart पर BGauss इलेक्ट्रिक स्कूटरों पर करीब 9-11 प्रतिशत तक का इंस्टेंट डिस्काउंट उपलब्ध है। ऑफर मॉडल, डीलर, लोकेशन और पेमेंट के तरीके के हिसाब से अलग-अलग हो सकते हैं।

कैसे खरीद सकते हैं ऑनलाइन बाइक?

ऑनलाइन बाइक खरीदने की प्रक्रिया काफी आसान है। सबसे पहले Amazon या Flipkart पर अपनी पसंद का मॉडल, वेरिएंट और कलर चुनना होगा। इसके बाद अपना पिनकोड डालकर उपलब्ध डीलर की जानकारी देखनी होगी। ग्राहक अपनी पसंद का डीलर चुनकर ऑनलाइन एक्स-शोरूम कीमत की पेमेंट कर बाइक बुक कर सकते हैं।

इसके बाद डीलर रजिस्ट्रेशन, इंश्योरेंस, KYC और जरूरी डॉक्यूमेंट्स की प्रक्रिया पूरी करवाता है। ग्राहक शोरूम जाकर टेस्ट राइड लेने के बाद बाइक की डिलीवरी ले सकते हैं। कुछ डीलर होम डिलीवरी की सुविधा भी देते हैं। ध्यान रहे कि रोड टैक्स, रजिस्ट्रेशन और इंश्योरेंस जैसे खर्च अलग से देने होते हैं।

क्रेडिट कार्ड और वाउचर से कैसे बचाएं पैसे?

ऑनलाइन खरीदारी में सबसे ज्यादा फायदा प्लेटफॉर्म कूपन और बैंक के क्रेडिट कार्ड ऑफर (Credit Card Offers) को मिलाकर उठाया जा सकता है। Amazon Pay ICICI क्रेडिट कार्ड समेत कुछ चुनिंदा कार्ड पर अतिरिक्त कैशबैक या डिस्काउंट मिल सकता है। इसके अलावा HDFC, ICICI और Axis बैंक के रिवॉर्ड पोर्टल से Amazon या Flipkart के गिफ्ट वाउचर खरीदकर अतिरिक्त रिवॉर्ड पॉइंट्स भी कमाए जा सकते हैं। हालांकि, इन वाउचर पर मंथली खरीदारी की सीमा होती है।

खरीदारी से पहले इन बातों का रखें ध्यान

क्रेडिट कार्ड से EMI पर पेमेंट करने से पहले ब्याज और प्रोसेसिंग फीस जरूर जोड़ें। कई बार EMI का अतिरिक्त खर्च मिलने वाले डिस्काउंट से ज्यादा हो सकता है। साथ ही वाउचर की उपयोगिता और उसकी अधिकतम सीमा जांच लें। ऑनलाइन बुकिंग आमतौर पर नॉन-रिफंडेबल होती है, इसलिए डिलीवरी लेने से पहले बाइक की जांच और टेस्ट राइड जरूर करें। शोरूम से मिलने वाले फाइनेंस, इंश्योरेंस और एक्सेसरीज के ऑफर की तुलना भी करें।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article