IND vs NZ: 5 मैच की टी20 सीरीज को भले ही कीवी टीम गंवा चुकी हो, लेकिन आखिरकार उसे ऑक्लैंड में जीत का स्वाद चखने का मौका मिला। पिछले मुकाबले की तरह इसमें भी मिचेल सैंटनर ने शानदार गेंदबाजी की और 4 ओवर में 24 रन देकर दो विकेट चटकाए। एक तरफ जहां भारतीय टीम मैनेजमेंट अपने स्पिन गेंदबाजों से दूर भागती रही वहीं दूसरी ओर मिचेल सैंटनर ने 7 से कम की इकोनॉमी से 9 विकेट चटकाए। सैंटनर अब भारत के खिलाफ इस फॉर्मेट में सबसे सफल गेंदबाज बन गए। उन्होंने अपने ही साथी खिलाड़ी ईश सोढ़ी का रिकॉर्ड तोड़ दिया।
भारत के दुश्मन नंबर वन बने सैंटनर
सैंटनर ने 10 साल पहले भारत के खिलाफ अपना पहला टी20 मुकाबला नागपुर में खेला था और अब जाकर वह इस टीम के खिलाफ सबसे सफल गेंदबाज बन गए। सैंटनर ने भारत के खिलाफ पहले ही मुकाबले में 4 विकेट चटकाया था और भारत को 79 रन पर ढेर कर दिया था। अब भारत के खिलाफ टी20 क्रिकेट में उनके 32 विकेट हो गए हैं और उन्होंने ईश सोढ़ी को पीछे छोड़ दिया है।
भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा टी20 विकेट-
31 - मिचेल सैंटनर
30 - ईश सोढ़ी
24 - क्रिस जॉर्डन
22 - जोफ्रा आर्चर/आदिल रशीद
इतना ही नहीं मिचेल सैंटनर इस फॉर्मेट में भारत के खिलाफ दो बार 4 विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज हैं। उन्होंने इसी सीरीज के दूसरे मुकाबले में 4 ओवर में 21 रन देकर 4 विकेट चटकाए थे।
मैच की बात करें तो इस मुकाबले में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अपने टी20 इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर बनाया। कीवी टीम ने ग्लेन फिलिप्स के 107 रन और माइकल ब्रेसवेल के 65 रन की पारी के दम पर 7 विकेट के नुकसान पर 259 रन बनाए और बाद में जैकब डफी के 4 विकेट वाले स्पेल के दम पर भारतीय टीम को 172 रन के स्कोर पर रोक दिया। भारत की ओर से तिलक वर्मा ने सर्वाधिक 35 रन की पारी खेली।
