ऑटो न्यूज़

लॉन्ग ड्राइव का मजा होगा दोगुना! Mahindra की ये 4 गाड़ियां हैं फैमिली ट्रिप्स के लिए बेस्ट

आज के समय में केवल एक बड़ी एसयूवी होना ही काफी नहीं है, ग्राहक आरामदायक केबिन, आधुनिक फीचर्स, बेहतर सुरक्षा और लंबी दूरी की क्षमता भी चाहते हैं। महिंद्रा की कई गाड़ियां इन सभी जरूरतों को पूरा करती हैं।

Image

महिंद्रा फैमिली कार (Photo: X handle/@Mahindra_XUV7XO)

अगर आप भी अक्सर अपनी फैमिली के साथ ट्रिप प्लान करते हैं और एक नई फैमिली कार खरीदने के बारे में सोच रहे हैं तो ये जानकारी आपके लिए काम की साबित हो सकती है। आज के समय में ग्राहक केवल बड़ी और दमदार एसयूवी ही नहीं, बल्कि आरामदायक केबिन, आधुनिक फीचर्स, बेहतर सुरक्षा और लंबी दूरी की क्षमता भी चाहते हैं। ऐसे में महिंद्रा की कई गाड़ियां इन सभी जरूरतों को पूरा करती हैं। इस आर्टिकल में आपको महिंद्रा की कुछ बेस्ट फैमिली कारों के बारे में बता रहे हैं, जिन्हें आप अपनी जरूरत के अनुसार खरीद सकते हैं-

Mahindra Thar Roxx

महिंद्रा थार रॉक्स, लोकप्रिय 3-डोर थार का 5-डोर संस्करण है। इसमें बड़ा केबिन और वयस्कों के लिए आरामदायक रियर सीट्स दी गई हैं, जिससे यह फैमिली SUV के रूप में भी उपयोगी बन जाती है। चाहे हिमाचल की पहाड़ी सड़कें हों या केरल के तटीय मार्ग, Thar Roxx हर तरह के रास्तों पर बेहतरीन प्रदर्शन करने में सक्षम है। इसमें टर्बो-पेट्रोल और डीजल दोनों इंजन विकल्प मिलते हैं, साथ ही मैनुअल और ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन का भी विकल्प उपलब्ध है। थार रॉक्स की शुरुआती कीमत 12.40 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) पड़ती है।

Mahindra Scorpio-N

Scorpio-N उन परिवारों के लिए बेहतर विकल्प है जो दमदार रोड प्रेजेंस और मजबूत परफॉर्मेंस चाहते हैं। अपने शक्तिशाली डीजल इंजन और मजबूत बॉडी के कारण यह SUV हाईवे और खराब रास्तों दोनों पर बेहतरीन प्रदर्शन करती है। छह सीटों वाला इसका केबिन लंबी दूरी की यात्रा में आराम देता है। वहीं फोर-व्हील ड्राइव वेरिएंट कठिन रास्तों और ऑफ-रोड ट्रिप्स को आसान बना देता है। कीमत और फीचर्स के लिहाज से यह अपने सेगमेंट की सबसे वैल्यू-फॉर-मनी फुल-साइज SUV में शामिल है। इस एसयूवी की शुरुआती कीमत 13.49 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) पड़ती है।

Mahindra XUV 7XO

महिंद्रा की फ्लैगशिप SUV XUV 7XO तेजी से भारतीय परिवारों की पसंद बनती जा रही है। जनवरी में लॉन्च हुई यह SUV तीन पंक्तियों वाली प्रीमियम सीटिंग व्यवस्था के साथ आती है, जिसमें सभी यात्रियों के लिए पर्याप्त लेगरूम मिलता है। लंबी यात्राओं को आरामदायक बनाने के लिए इसमें पैनोरमिक सनरूफ, ADAS सेफ्टी सूट और पेट्रोल-ऑटोमैटिक पावरट्रेन दिया गया है। SUV का ट्रिपल-स्क्रीन सेटअप, फ्रंट और रियर वेंटिलेटेड सीट्स तथा बड़ा बूट स्पेस इसे लंबी फैमिली ट्रिप के लिए आदर्श बनाते हैं। इस एसयूवी की शुरुआती कीमत 13.66 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) पड़ती है।

Mahindra BE 6

महिंद्रा की इलेक्ट्रिक SUV BE 6 कंपनी के भविष्य की झलक पेश करती है। यह INGLO इलेक्ट्रिक प्लेटफॉर्म पर आधारित कूपे-SUV है और एक बार चार्ज करने पर लंबी दूरी तय करने की क्षमता रखती है। इसमें 59kWh और 79kWh बैटरी पैक के विकल्प मिलते हैं, जिनके साथ अधिकतम 683 किलोमीटर तक की रेंज का दावा किया गया है। बड़ी कर्व्ड डिस्प्ले, प्रीमियम ऑडियो सिस्टम और आधुनिक केबिन इसे टेक्नोलॉजी पसंद करने वाले परिवारों के लिए आकर्षक विकल्प बनाते हैं। इस एसयूवी की शुरुआती कीमत 18.90 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) पड़ती है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article