Fuel Efficiency Tips: आज के समय में बढ़ती पेट्रोल-डीजल की कीमतों को देखते हुए फ्यूल की बचत करना हर वाहन चालक की जरूरत बन गया है। अक्सर वाहन चालक अनजाने में ऐसी गलतियां कर बैठते हैं, जिससे गाड़ी का माइलेज कम हो जाता है और खर्च भी बढ़ जाता है। हालांकि, ड्राइविंग के दौरान कुछ खास बातों का ध्यान रखा जाए तो फ्यूल की बर्बादी से बचा जा सकता है। इस आर्टिकल में आपको फ्यूल बचाने के ही कुछ तरीके बता रहे हैं-
गाड़ी चलाने का तरीका
फ्यूल बचाने के लिए गाड़ी को स्मूद तरीके से चलाना बेहद जरूरी है। अचानक तेज एक्सेलेरेशन और बार-बार ब्रेक लगाने से इंजन पर अधिक दबाव पड़ता है, जिससे फ्यूल की खपत बढ़ जाती है। ट्रैफिक को ध्यान में रखते हुए धीरे-धीरे स्पीड बढ़ाएं और अनावश्यक रेस देने से बचें। इससे न केवल माइलेज बेहतर होगा बल्कि गाड़ी की लाइफ भी बढ़ेगी।
गियर का इस्तेमाल
सही गियर में गाड़ी चलाना फ्यूल बचत का एक अहम हिस्सा है। अगर आप कम स्पीड में हाई गियर या ज्यादा स्पीड में लो गियर का इस्तेमाल करते हैं, तो इंजन ज्यादा मेहनत करता है और ईंधन की खपत बढ़ती है। हमेशा स्पीड और रोड कंडीशन के अनुसार गियर बदलें, इससे इंजन स्मूद काम करेगा और माइलेज बेहतर मिलेगा।
टायर प्रेशर
टायर प्रेशर का सीधा असर गाड़ी की फ्यूल एफिशिएंसी पर पड़ता है। अगर टायर में हवा कम होती है, तो सड़क के साथ घर्षण बढ़ जाता है, जिससे इंजन को ज्यादा ताकत लगानी पड़ती है। इसलिए हफ्ते में एक बार टायर प्रेशर चेक करना और कंपनी द्वारा बताए गए स्तर पर रखना जरूरी है। इससे फ्यूल की बचत के साथ टायर की उम्र भी बढ़ती है।
इंजन चालू रखना
लंबे समय तक गाड़ी को खड़ा रखकर इंजन चालू रखना फ्यूल की बड़ी बर्बादी है। कई लोग ट्रैफिक सिग्नल या इंतजार के दौरान इंजन बंद नहीं करते, जिससे बेवजह ईंधन खर्च होता है। अगर आपको 30-60 सेकंड से ज्यादा रुकना है, तो इंजन बंद करना बेहतर विकल्प है।
ज्यादा सामान रखना
गाड़ी में जरूरत से ज्यादा सामान रखने से माइलेज पर असर पड़ता है। ज्यादा वजन होने पर इंजन को गाड़ी चलाने के लिए अधिक ताकत लगानी पड़ती है, जिससे फ्यूल खपत बढ़ती है। इसलिए केवल जरूरी सामान ही रखें और अनावश्यक लोड को हटाएं।
सर्विस और मेंटेनेंस
समय-समय पर गाड़ी की सर्विस करवाना बेहद जरूरी है। गंदा एयर फिल्टर, खराब स्पार्क प्लग या पुराना इंजन ऑयल गाड़ी की परफॉर्मेंस को प्रभावित करते हैं। नियमित मेंटेनेंस से इंजन बेहतर काम करता है और फ्यूल की खपत कम होती है, जिससे आपका खर्च भी घटता है।
बैलेंस्ड स्पीड
बहुत ज्यादा तेज या बहुत धीमी स्पीड में गाड़ी चलाने से फ्यूल एफिशिएंसी कम हो जाती है। एक स्थिर और संतुलित स्पीड बनाए रखना सबसे बेहतर होता है। हाईवे पर क्रूज स्पीड में गाड़ी चलाने से माइलेज अच्छा मिलता है और इंजन पर भी कम दबाव पड़ता है।
