गाड़ी का इंश्योरेंस (Vehicle Insurance) रिन्यू करवाने को लेकर वाहन चालकों के मोबाइल पर आ रहे SMS अलर्ट के बीच भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने स्थिति स्पष्ट की है। प्राधिकरण ने साफ किया है कि बीमा पॉलिसी की समयसीमा खत्म होने से पहले भेजे जा रहे मैसेज केवल जागरूकता अभियान का हिस्सा हैं। इनका टोल प्लाजा (Toll Plaza) पर चालान (Challan) काटने या किसी तरह का जुर्माना लगाने से कोई संबंध नहीं है।
वाहन चालकों को क्यों भेजे जा रहे हैं एसएमएस?
NHAI के मुताबिक, राष्ट्रीय राजमार्गों का इस्तेमाल करने वाले कुछ वाहन चालकों को फिलहाल गाड़ी का इंश्योरेंस रिन्यू करवाने से जुड़े SMS भेजे जा रहे हैं। यह एक प्रस्तावित जन-जागरूकता पहल की टेस्टिंग प्रक्रिया है। इसका मकसद वाहन मालिकों को उनकी मोटर इंश्योरेंस पॉलिसी की एक्सपायरी डेट की जानकारी पहले से देना है, ताकि वे समय रहते बीमा का नवीनीकरण करा सकें और उनकी बीमा सुरक्षा लगातार बनी रहे।
वाहन चालकों का नहीं कटेगा चालान
प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि यह पूरी तरह से सूचनात्मक और सलाह देने वाली व्यवस्था है। इसका किसी भी तरह की कार्रवाई, चालान या दंडात्मक प्रक्रिया से कोई लेना-देना नहीं है। टोल प्लाजा पर इन SMS के आधार पर न तो किसी वाहन चालक का चालान काटा जाएगा और न ही कोई जुर्माना लगाया जाएगा। यानी गाड़ी के इंश्योरेंस को रिन्यू करवाने से जुड़े मैसेज मिलने का मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि टोल प्लाजा पर वाहन चालकों के खिलाफ कोई कार्रवाई होने वाली है।
इंश्योरेंस रिन्यूअल के लिए किया जा रहा जागरूक
NHAI का कहना है कि इस पहल के जरिए वाहन मालिकों को समय रहते बीमा रिन्यू कराने के लिए जागरूक किया जा रहा है। इसका उद्देश्य जिम्मेदार वाहन स्वामित्व को बढ़ावा देना और सड़क सुरक्षा से जुड़े जरूरी कानूनी प्रावधानों के पालन के प्रति लोगों को जागरूक करना है। प्राधिकरण के अनुसार, सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और वाहन चालकों में सुरक्षित व्यवहार को प्रोत्साहित करने की दिशा में इस तरह की जागरूकता पहल की जा रही है।
