ऑटो न्यूज़

Kia Carens CNG और Clavis CNG की तगड़ी डिमांड, 2 महीने में 6200 यूनिट का आंकड़ा हुआ पार

किआ की दो सीएनजी कारों Kia Carens Clavis CNG और Kia Carens CNG की मांग लगातार बनी हुई है। इन दोनों मॉडलों की कुल होलसेल बिक्री 6,200 यूनिट के पार पहुंच गई है।

Image

Kia Carens CNG और Clavis CNG की लगातार बनी हुई है मांग

Kia India ने अपनी दो सीएनजी कारों Kia Carens Clavis CNG और Kia Carens CNG को लेकर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। कंपनी के मुताबिक, सितंबर 2026 में लॉन्च होने के बाद से इन दोनों मॉडलों की कुल होलसेल बिक्री 6,200 यूनिट के पार पहुंच गई है। यह आंकड़ा भारतीय ग्राहकों के बीच कंपनी के सीएनजी पोर्टफोलियो की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाता है।

तीन साल बाद भी मिलेगी 75% तक वैल्यू

Kia अपनी दोनों सीएनजी कारों के साथ ग्राहकों को एक खास फायदा भी दे रही है। कंपनी के Assured Buyback Programme के तहत Carens Clavis CNG और Carens CNG पर तीन साल बाद 75 प्रतिशत तक की रीसेल वैल्यू मिलेगी। हालांकि, यह सुविधा तय माइलेज लिमिट और प्रोग्राम की अन्य शर्तों के अधीन होगी। इससे उन ग्राहकों को फायदा मिल सकता है, जो कुछ साल इस्तेमाल करने के बाद अपनी कार बदलने की योजना बनाते हैं।

Kia Carens Clavis CNG के फीचर्स

Kia Carens Clavis CNG को छह और सात सीटों वाले कॉन्फिगरेशन में पेश किया गया है। इसमें 26.62 इंच का ड्यूल पैनोरमिक डिस्प्ले मिलता है, जिसमें 12.25 इंच का इंफोटेनमेंट सिस्टम और 12.25 इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर शामिल है। इसके अलावा, इसमें इंफोटेनमेंट और टेम्परेचर कंट्रोल स्वैप स्विच तथा ब्लाइंड व्यू मॉनिटर के साथ 360 डिग्री कैमरा दिया गया है।

दूसरी रो में यात्रियों की सुविधा के लिए वन-टच टम्बल फंक्शन मिलता है, जिससे तीसरी रो तक पहुंचना आसान होता है। इसके चुनिंदा वेरिएंट में लेवल-2 ADAS फीचर्स भी दिए गए हैं। वहीं, सुरक्षा के लिए छह एयरबैग स्टैंडर्ड मिलते हैं।

इंजन और CNG परफॉर्मेंस

दोनों मॉडल में 1.5 लीटर पेट्रोल इंजन के साथ फैक्ट्री-फिटेड CNG किट दी गई है। इनमें 60 लीटर का CNG टैंक, CNG के हिसाब से तैयार इंजन कैलिब्रेशन और बदली हुई सस्पेंशन सेटिंग्स मिलती हैं। इसके अलावा, डेडिकेटेड फ्यूल-चेंज स्विच और 4.2 इंच का कलर TFT MID दिया गया है, जो CNG में बची हुई दूरी की जानकारी देता है। CNG मोड में इंजन 96 bhp की पावर और 123 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इसे 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स से जोड़ा गया है।

कितनी है दोनों कारों की कीमत?

Kia Carens CNG को Premium (O) वेरिएंट में पेश किया गया है, जिसकी एक्स-शोरूम कीमत 12.12 लाख रुपये पड़ती है। वहीं, Carens Clavis CNG HTE और HTE (O) वेरिएंट में उपलब्ध है। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 12.39 लाख रुपये रखी गई है। कंपनी के मुताबिक, इन मॉडलों की बिक्री का आंकड़ा ग्राहकों के बीच सीएनजी विकल्पों की स्वीकार्यता को दिखाता है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article