भारतीय बाजार में मिड-साइज सेडान सेगमेंट में अपनी पहचान बना चुकी Volkswagen Virtus का फेसलिफ्ट मॉडल जल्द दस्तक देने वाला है। कंपनी की ओर से नई Volkswagen Virtus Facelift को 11 दिसंबर 2026 को भारत में लॉन्च किया जाएगा। माना जा रहा है कि अपडेटेड मॉडल में कई कॉस्मेटिक बदलावों के साथ नए फीचर्स भी देखने को मिलेंगे।
बढ़ सकती है कीमत
फिलहाल भारतीय बाजार में Volkswagen Virtus की एक्स-शोरूम कीमत 10.71 लाख रुपये से शुरू होकर 19.20 लाख रुपये तक जाती है। नए मॉडल में डिजाइन और फीचर्स से जुड़े अपडेट मिलने के कारण इसकी कीमत मौजूदा मॉडल के मुकाबले ज्यादा हो सकती है। लॉन्च के बाद इसका मुकाबला Honda City, Hyundai Verna और Skoda Slavia जैसी सेडान से होगा।
एक्सटीरियर में क्या होगा नया?
2026 Volkswagen Virtus Facelift में सबसे बड़े बदलाव इसके फ्रंट प्रोफाइल में देखने को मिलेंगे। कंपनी ने इसमें नई डिजाइन वाली ग्रिल और अपडेटेड फ्रंट बंपर दिया है। बंपर के निचले एयर इनटेक में डायमंड-मेश पैटर्न मिलता है, जो कार को पहले से ज्यादा स्पोर्टी लुक देता है। इसके अलावा LED फॉग लैंप्स को भी नया डिजाइन दिया गया है।
नई सेडान में इल्यूमिनेटेड Volkswagen लोगो भी देखने को मिलेगा। इसके साथ ही कार में नए ग्लॉस-ब्लैक अलॉय व्हील्स दिए गए हैं। GT वेरिएंट में मिलने वाली रेड बैजिंग को भी बरकरार रखा गया है, लेकिन अब इसे फ्रंट डोर पर शिफ्ट कर दिया गया है। कार के रियर बंपर में भी बदलाव किए गए हैं।
केबिन में मिल सकते हैं नए फीचर्स
कंपनी ने फिलहाल इसके इंटीरियर की जानकारी साझा नहीं की है। हालांकि, उम्मीद है कि नए मॉडल के केबिन में नए कलर ऑप्शन और अतिरिक्त फीचर्स मिल सकते हैं। इसमें अपडेटेड इंफोटेनमेंट सिस्टम इंटरफेस, बड़ा फुली डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, फ्रंट पार्किंग सेंसर और 360 डिग्री कैमरा जैसे फीचर्स दिए जा सकते हैं। इसके अलावा बेहतर कूलिंग के लिए एयर कंडीशनिंग सिस्टम में वेरिएबल-जियोमेट्री कंप्रेसर भी मिलने की संभावना है।
इंजन और गियरबॉक्स में क्या होगा बदलाव?
इंजन के मामले में नई Virtus में मौजूदा 1.0-लीटर और 1.5-लीटर TSI टर्बो पेट्रोल इंजन जारी रहने की उम्मीद है। हालांकि, 1.0-लीटर इंजन के साथ मौजूदा 6-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स की जगह नया 8-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक गियरबॉक्स मिल सकता है। इसके साथ 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स का विकल्प भी जारी रहने की संभावना है।
