PUC Validity Rules: अगर आपके पास बाइक, कार या कोई कमर्शियल व्हीकल है तो ये जानकारी आपके लिए और भी जरूरी हो जाती है। सरकार ने वाहनों के पीयूसी सर्टिफिकेट (PUC Certificate) से जुड़े नियमों में बदलाव किया है। नए नियमों के तहत अब हर वाहन के लिए पीयूसी सर्टिफिकेट की वैलिडिटी एक जैसी नहीं होगी। यह इस बात पर निर्भर करेगी कि आपकी गाड़ी कितनी पुरानी है और वह किस बीएस (BS) एमिशन स्टैंडर्ड पर बनी है।
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने हाल ही में केंद्रीय मोटर वाहन (16वां संशोधन) नियम, 2026 को अधिसूचित किया है। इसके तहत केंद्रीय मोटर वाहन नियम, 1989 में बदलाव किया गया है। नए नियमों में साफ किया गया है कि किस तरह के वाहन का पीयूसी सर्टिफिकेट कितने समय तक मान्य रहेगा।
BS-6 निजी वाहनों के लिए क्या हैं नए नियम?
अगर आपकी कार या बाइक BS-6 मानक वाली है और उसका इस्तेमाल निजी काम के लिए होता है, तो आपको राहत मिलेगी। नए नियमों के मुताबिक, पहली बार रजिस्ट्रेशन की तारीख से छह साल तक पुराने निजी BS-6 वाहनों का पीयूसी सर्टिफिकेट तीन साल तक वैलिड रहेगा। यानी आपको हर साल नया सर्टिफिकेट बनवाने की जरूरत नहीं होगी।
वहीं, छह साल से ज्यादा और 10 साल तक पुराने निजी BS-6 वाहनों के लिए पीयूसी सर्टिफिकेट की वैलिडिटी एक साल होगी। इसके अलावा, 10 साल से ज्यादा पुराने वाहनों को हर छह महीने में नया पीयूसी सर्टिफिकेट बनवाना होगा।
कमर्शियल वाहनों के लिए अलग व्यवस्था
कमर्शियल यानी व्यावसायिक वाहनों के लिए सरकार ने अलग नियम बनाए हैं। छह साल तक पुराने BS-6 कमर्शियल वाहनों का पीयूसी सर्टिफिकेट दो साल तक वैलिड रहेगा। छह साल से ज्यादा और 10 साल तक पुराने वाहनों को हर साल इसे रिन्यू करवाना होगा। वहीं, 10 साल से ज्यादा पुराने कमर्शियल वाहनों के लिए हर छह महीने में नया सर्टिफिकेट लेना जरूरी होगा।
BS-4 और पुराने वाहनों के लिए वैलिडिटी
BS-4 मानक वाले सभी वाहनों के लिए पीयूसी सर्टिफिकेट छह महीने तक वैलिड रहेगा। वहीं, BS-1, BS-2 और BS-3 मानक वाले वाहनों के लिए इसकी वैलिडिटी सिर्फ तीन महीने होगी।
पुराने PUC सर्टिफिकेट का क्या होगा?
जिन वाहनों के पास पहले से वैलिड पीयूसी सर्टिफिकेट है, उन्हें तुरंत नया सर्टिफिकेट बनवाने की जरूरत नहीं है। नए नियमों का फायदा मौजूदा सर्टिफिकेट के पहली बार रिन्यू होने पर मिलेगा। अगर एक्सपायरी से 10 दिन पहले रिन्यू कराया जाता है, तो नया सर्टिफिकेट पुरानी वैलिडिटी खत्म होने की तारीख से लागू होगा। बाकी मामलों में यह रिन्यूअल की तारीख से लागू होगा।
