ऑटो न्यूज़

कड़ाके की ठंड में अपनी ईवी को लेकर भूलकर भी न करें ये काम, इन बातों का रखें ध्यान

Electric Vehicle Cold Weather Tips: बहुत ज्यादा ठंडे मौसम में ईवी की परफॉर्मेंस को लेकर परेशानी आने लगती है। हालांकि, अच्छी बात ये है कि ऐसे मौसम में थोड़ी सी सावधानी और सही देखभाल से इलेक्ट्रिक व्हीकल की परफॉर्मेंस और बैटरी लाइफ को सुरक्षित रखा जा सकता है। सही चार्जिंग आदतें, संतुलित ड्राइविंग और नियमित जांच से आप सर्दियों में भी अपनी ईवी का बेहतर तरीके से इस्तेमाल कर सकते हैं।

Image

Electric Vehicle Cold Weather Tips (Photo: iStock)

Electric Vehicle Cold Weather Tips: इलेक्ट्रिक व्हीकल का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। बहुत से लोग ईवी पर स्विच कर रहे हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं बहुत ज्यादा ठंडे मौसम में ईवी की परफॉर्मेंस को लेकर परेशानी आने लगती है। कम तापमान का सीधा असर ईवी की बैटरी, चार्जिंग क्षमता और ड्राइविंग रेंज पर पड़ता है। हालांकि, अच्छी बात ये है कि अगर ईवी चालक कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखें तो ठंड के मौसम में भी ईवी को सुरक्षित और बेहतर तरीके से चलाया जा सकता है। आइए जानते हैं ईवी को लेकर कौन-सी बातों का ख्याल रखा जाना चाहिए-

बैटरी का रखें खास ख्याल

ईवी की बैटरी ठंड में जल्दी डिस्चार्ज हो सकती है, जिसका असर उसकी रेंज कम होने के रूप में देखा जा सकता है। कोशिश करें कि आप अपनी ईवी को हमेशा इनडोर या ढकी हुई जगह पर पार्क करें, जहां तापमान सामान्य रहे। बैटरी को बहुत ज्यादा खाली न होने दें और चार्ज लेवल 20–80 प्रतिशत के बीच बनाए रखें, ताकि बैटरी की लाइफ पर नकारात्मक असर न पड़े।

चार्जिंग से जुड़े जरूरी टिप्स

कड़ाके की ठंड में बैटरी चार्ज होने में ज्यादा समय ले सकती है। इसलिए ईवी को ड्राइव के तुरंत बाद चार्ज करना बेहतर होता है, क्योंकि उस समय बैटरी थोड़ी गर्म रहती है। अगर आपकी ईवी में बैटरी प्री-कंडीशनिंग फीचर है, तो उसका इस्तेमाल करें। इससे चार्जिंग एफिशिएंसी बेहतर होती है।

ड्राइविंग स्टाइल में बदलाव

ठंड के मौसम में अचानक तेज एक्सीलेरेशन और हार्ड ब्रेकिंग से बचने की सलाह दी जाती है। स्मूद और धीमी ड्राइविंग से बैटरी की खपत कम होती है और रेंज बेहतर मिलती है। इसके अलावा, आप ईवी को इको मोड पर ड्राइव कर सकते हैं। इस मोड का इस्तेमाल करने से एनर्जी सेव होती है।

हीटर और इलेक्ट्रॉनिक फीचर्स

सर्दियों में केबिन हीटर, सीट वार्मर और डिफॉगर जैसे फीचर्स ज्यादा बिजली खपत करते हैं। कोशिश करें कि इन फीचर्स का कम से कम इस्तेमाल हो। ड्राइव शुरू करने से पहले जब ईवी चार्ज पर लगी हो, तभी केबिन को प्री-हीट कर सकते हैं।

टायर और ब्रेक की जांच

ठंड के मौसम में टायर प्रेशर कम हो सकता है, जिससे ग्रिप और माइलेज दोनों प्रभावित होते हैं। नियमित रूप से टायर प्रेशर चेक करें और जरूरत के अनुसार हवा भरवाएं। इसके अलावा ब्रेक सिस्टम की भी जांच करते रहें, क्योंकि फिसलन वाली सड़कों पर सुरक्षित ब्रेकिंग बेहद जरूरी होती है।

सॉफ्टवेयर और मेंटेनेंस

ईवी का सॉफ्टवेयर अपडेट रखना भी जरूरी है, क्योंकि कई बार कंपनियां ठंडे मौसम के लिए बैटरी मैनेजमेंट में सुधार लाने वाले अपडेट जारी करती हैं। समय-समय पर सर्विस और मेंटेनेंस कराने से वाहन की परफॉर्मेंस बनी रहती है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article