टाटा मोटर्स (Tata Motors) अपनी लोकप्रिय सब-कॉम्पैक्ट एसयूवी नेक्सॉन को नए अवतार में पेश करने की तैयारी कर रही है। कंपनी की सेकेंड जेनरेशन Tata Nexon को साल 2027 में भारतीय बाजार में लॉन्च किए जाने की उम्मीद है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो इंटरनल तौर पर इसे प्रोजेक्ट गरुड़ (Project Garud) कोडनेम दिया गया है। सितंबर 2017 में भारत में लॉन्च होने के बाद यह नेक्सॉन का पहला फुल जनरेशन अपडेट होगा। नई एसयूवी को फिलहाल अलग-अलग परिस्थितियों में टेस्ट किया जा रहा है। टेस्टिंग के दौरान इसकी कई तस्वीरें भी सामने आ चुकी हैं, जिनसे इसके डिजाइन और इंटीरियर से जुड़ी जानकारियां मिली हैं।
नए डिजाइन के अलॉय व्हील्स मिल सकते हैं
2027 Tata Nexon के एक्सटीरियर में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। मौजूदा मॉडल में कूपे स्टाइल रूफलाइन और राउंडेड रियर डिजाइन मिलता है, जबकि नई नेक्सॉन को ज्यादा अपराइट और ट्रेडिशनल SUV जैसा लुक दिया जा सकता है। इसके फ्रंट में नई बड़ी ग्रिल, स्प्लिट हेडलैंप, ड्यूल-फंक्शन LED DRLs और फॉक्स स्किड प्लेट मिलने की उम्मीद है।
इसके अलावा SUV में नए डिजाइन के अलॉय व्हील्स, अपडेटेड LED लाइटिंग सिग्नेचर, नए फ्रंट और रियर बंपर, रिवाइज्ड टेलगेट और बदली हुई विंडस्क्रीन देखने को मिल सकती है।
नए प्लेटफॉर्म पर होगी तैयार
न्यू जेनरेशन नेक्सॉन के सबसे बड़े बदलावों में इसका प्लेटफॉर्म शामिल हो सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी इसे मौजूदा X1 आर्किटेक्चर के काफी मॉडिफाइड वर्जन पर तैयार कर सकती है। वहीं, इसके टाटा के नए ATLAS प्लेटफॉर्म पर आने की भी चर्चा है। हालांकि, SUV के डायमेंशन में बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है। इसकी लंबाई 3,995mm, चौड़ाई 1,804mm और ऊंचाई 1,620mm रह सकती है। वहीं, व्हीलबेस 2,498mm और ग्राउंड क्लीयरेंस 208mm हो सकता है।
इंटीरियर और फीचर्स होंगे अपडेट
नई नेक्सॉन में पूरी तरह नया डैशबोर्ड और इंटीरियर लेआउट देखने को मिल सकता है। मौजूदा 10.25 इंच टचस्क्रीन की जगह बड़ा इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया जा सकता है। इसके अलावा डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले में नए ग्राफिक्स और बेहतर नेविगेशन फीचर्स मिल सकते हैं। SUV में सॉफ्ट-टच मटेरियल, प्रीमियम फिनिश, नई सीट अपहोल्स्ट्री और बेहतर कुशनिंग मिलने की उम्मीद है।
फीचर्स की बात करें तो इसमें पैनोरमिक सनरूफ, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, 360 डिग्री कैमरा, वायरलेस कनेक्टिविटी, पावर्ड ड्राइवर सीट और JBL ऑडियो सिस्टम जैसे फीचर्स जारी रह सकते हैं।
इंजन में नहीं होगा बड़ा बदलाव
नई नेक्सॉन में मौजूदा 1.2 लीटर, तीन-सिलेंडर टर्बो पेट्रोल इंजन बरकरार रह सकता है। यह इंजन 120PS की पावर और 170Nm टॉर्क जनरेट करता है। फैक्ट्री फिटेड CNG विकल्प भी मिल सकता है। ट्रांसमिशन के लिए 5-स्पीड और 6-स्पीड मैनुअल, 6-स्पीड AMT और 7-स्पीड DCT का विकल्प जारी रहने की उम्मीद है।
