ऑटो न्यूज़

Kia आंध्र प्रदेश में लगाएगी नया प्लांट, 12 हजार लोगों को मिलेगा रोजगार

किआ भारत में अपने कारोबार का विस्तार करने जा रही है। कंपनी एक नया मैन्युफैक्चरिंग प्लांट लगाएगी, जिसके लिए करीब 2 अरब डॉलर का निवेश किया जाएगा।

Image

Kia आंध्र प्रदेश में लगाएगी नया प्लांट (AI Generated Image)

दक्षिण कोरियाई ऑटोमोबाइल कंपनी किआ (Kia) भारत में अपने कारोबार का विस्तार करने की तैयारी कर रही है। कंपनी आंध्र प्रदेश में एक नया मैन्युफैक्चरिंग प्लांट लगाने के लिए करीब 2 अरब डॉलर (लगभग 18,000 करोड़ रुपये) का निवेश करेगी। इस नए प्लांट से करीब 12,000 लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है। साथ ही, इससे भारत में कंपनी की सालाना वाहन उत्पादन क्षमता भी बढ़कर 6.30 लाख यूनिट हो जाएगी। Kia India के मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO ग्वांग्गु ली ने गुरुवार को CII पार्टनरशिप समिट के दौरान इस विस्तार की घोषणा की।

मौजूदा प्लांट की क्षमता भी बढ़ेगी

Kia का भारत में फिलहाल एक मैन्युफैक्चरिंग प्लांट आंध्र प्रदेश के अनंतपुर में है। इसे साल 2017 में स्थापित किया गया था। इस प्लांट की सालाना उत्पादन क्षमता 4.30 लाख वाहन है। कंपनी के प्रस्तावित नए प्लांट से कुल उत्पादन क्षमता में 2 लाख वाहनों का इजाफा होगा। इसके बाद Kia हर साल 6.30 लाख वाहनों का उत्पादन कर सकेगी। हालांकि, कंपनी ने अभी तक नए प्लांट के निर्माण और उत्पादन शुरू होने की समयसीमा का खुलासा नहीं किया है।

वित्त वर्ष 2026 में Kia India ने कुल 3.17 लाख वाहनों का उत्पादन किया था। इनमें से 2.89 लाख वाहन घरेलू बाजार में भेजे गए, जबकि 27,953 वाहनों का निर्यात किया गया। कंपनी के मुताबिक, अनंतपुर प्लांट ने रिकॉर्ड 14 महीने में उत्पादन शुरू कर दिया था। Kia ने भारत में चार साल में 10 लाख और सात साल में 20 लाख वाहनों का उत्पादन करने की उपलब्धि भी हासिल की है।

इलेक्ट्रिक से CNG तक नए मॉडल लाने की तैयारी

Kia भारत में अपनी बाजार हिस्सेदारी बढ़ाने के लिए अलग-अलग पावरट्रेन वाले वाहन पेश करने की योजना पर काम कर रही है। कंपनी इलेक्ट्रिक, पेट्रोल और डीजल मॉडल के अलावा हाइब्रिड कारें भी लॉन्च करेगी। वहीं, CNG सेगमेंट में भी कंपनी ने एंट्री का ऐलान कर दिया है। इसके तहत Carens का CNG मॉडल पेश किया जाना है।

कंपनी ने हाल ही में अपनी लोकप्रिय मिड-साइज SUV Seltos का फेसलिफ्ट वर्जन और नई Sorento पेश की है। Kia को इन दोनों मॉडलों से अच्छी बिक्री की उम्मीद है। भारत में कंपनी के मौजूदा पोर्टफोलियो में Sonet, Syros, Carens और Carnival जैसे मॉडल शामिल हैं।

100 देशों में पहुंच रही मेड इन इंडिया गाड़ियां

Kia का अनंतपुर प्लांट केवल घरेलू बाजार के लिए ही नहीं, बल्कि निर्यात के लिहाज से भी अहम है। यहां से अब तक 100 के करीब देशों में 4.1 लाख से अधिक वाहन और व्हीकल किट एक्सपोर्ट किए जा चुके हैं। नए निवेश से भारत में कंपनी की मैन्युफैक्चरिंग क्षमता और रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ ही वैश्विक बाजार में भारतीय ऑटोमोबाइल उद्योग की स्थिति भी मजबूत हो सकती है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article