ऑटो न्यूज़

महंगी होने वाली हैं Mercedes-Benz की गाड़ियां! सितंबर से इतनी बड़ सकती है कीमत

Mercedes-Benz price Hike: कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ संतोष अय्यर ने कहा कि जब आप ईएमआई पर गौर करते हैं, तो हमने उसे वही रखने की कोशिश की है, हालांकि कार की कीमत बढ़ गई है। इससे हमें मूल्यवृद्धि के प्रभाव को काफी हद तक कम करने में मदद मिली है।’’

Image

मर्सिडीज बेंज इंडिया वाहन कीमतों में एक से डेढ़ प्रतिशत तक बढ़ोतरी करेगी। (फोटो सोर्स-Mercedes)

Mercedes-Benz price Hike: लक्जरी कार कंपनी मर्सिडीज बेंज इंडिया सितंबर से अपने वाहन के दाम एक से डेढ़ प्रतिशत तक बढ़ाने पर विचार कर रही है। यूरो के मुकाबले रुपये के कमजोर होने की वजह से ऐसा किया जाएगा। कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ संतोष अय्यर ने यह बात कही है। बता दें कि मर्सिडीज इस साल पहले ही जनवरी और जुलाई में अपने वाहन के दाम बढ़ा चुकी है।

अय्यर ने पीटीआई-भाषा से बातचीत में कहा, ‘‘सितंबर में यूरो के कारण कीमतों में एक और बढ़ोतरी होने वाली है। अगर आप देखें, तो पिछले एक महीने में यूरो 100 रुपये के स्तर पर बना हुआ है, और इसमें कोई बदलाव नहीं आया है। इसलिए, हमें सितंबर में भी कीमतों में बढ़ोतरी करनी होगी।’’

उन्होंने कहा कि कंपनी वाहन कीमतों में एक से डेढ़ प्रतिशत तक बढ़ोतरी करेगी। यह पूछे जाने पर कि क्या कीमतों में बढ़ोतरी से बिक्री प्रभावित हो सकती है, अय्यर ने कहा कि ब्याज दरों में कमी की वजह से खरीदारों के लिए ईएमआई (मासिक किस्त) भुगतान काफी हद तक संतुलित हो रहा है।

उन्होंने बताया कि कंपनी की लगभग 80 प्रतिशत नई कारों की बिक्री ‘फाइनेंस’ के जरिये होती है। अय्यर ने कहा, ‘‘इसलिए, जब आप ईएमआई पर गौर करते हैं, तो हमने उसे वही रखने की कोशिश की है, हालांकि कार की कीमत बढ़ गई है। इससे हमें मूल्यवृद्धि के प्रभाव को काफी हद तक कम करने में मदद मिली है।’’

उन्होंने कहा कि बाजार में अब भी मांग है, और अर्थव्यवस्था के बढ़ने के साथ लोग लक्जरी कारें खरीदना पसंद करेंगे। उन्होंने कहा कि खरीदार समझते हैं कि मुद्रा में उतार-चढ़ाव को देखते हुए, कीमतें कंपनी के नियंत्रण से बाहर हैं। यह पूछे जाने पर कि क्या कंपनी को महत्वपूर्ण खनिज चुंबक के कारण उत्पादन संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, अय्यर ने कहा, ‘‘अगर आप सप्लाई चैन को देखें, तो जहां तक हमारा संबंध है, हम अभी तक इनमें से किसी भी चीज से प्रभावित नहीं हुए हैं, क्योंकि हम इसे अच्छी तरह से प्रबंधित कर रहे हैं। हमारे पास पर्याप्त स्टॉक भी है, इसलिए हम इस स्थिति से निपटने में सक्षम हैं।’’

Vishal Maithil
Vishal Mathelauthor

विशाल मैथिल टाइम्स नाऊ नवभारत में बतौर सीनियर कॉपी एडिटर 2023 से जुड़े हुए हैं। पत्रकारिता में 6+ वर्षों के अनुभव के साथ वह टेक्नोलॉजी, सोशल मीडिया, गैजेट्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विषयों पर गहरी समझ रखते हैं। वे ऑटोमोबाइल, बिजनेस, यूटिलिटी और हाइपरलोकल से लेकर एजुकेशन और इंटरनेशनल बीट्स पर भी काम कर चुके हैं। भोपाल से ताल्लुक रखने वाले विशाल ने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्वविद्यालय से मीडिया रिसर्च में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। रिसर्च के क्षेत्र में उनके कई पेपर राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय जर्नल में प्रकाशित हो चुके हैं। उन्होंने दैनिक भास्कर, अमर उजाला, मासिक पत्रिका "संदेश" और सोशल मीडिया फर्म में भी काम किया है। टेक-यूटिलिटी और बिजनेस से जुड़ी खबरों को आसान और काम की भाषा में समझाना विशाल को खूब आता है। वो कोशिश करते हैं कि कम शब्दों में ज्यादा और साफ-सुथरी जानकारी मिल जाए। किताबें पढ़ना और संगीत सुनना उनका पसंदीदा काम है। आप इनसे Vishal.mathel@timesgroup.com पर संपर्क कर सकते हैं।

और पढ़ें
End of Article