बॉलीवुड

Sharad Kapoor की बिगड़ी तबीयत के बीच शुरू हुआ इलाज, डॉक्टरों ने दी बेड रेस्ट और आइसोलेशन की सलाह

  • Authored by: अभय
  • Updated Nov 20, 2026, 11:44 AM IST

Sharad Kapoor Health Update: एक्टर शरद कपूर (Sharad Kapoor) की सेहत को लेकर उनके चाहने वाले लगातार चिंतित हैं। अब उनके इलाज और रिकवरी को लेकर एक नया अपडेट सामने आया है।

Image

'जोश' फेम शरद कपूर को कम से कम एक हफ्ते तक फोन से रहना होगा दूर, दोस्त हेमा चौधरी ने दिया हेल्थ अपडेट (Image Source: Bezubaan Public Welfare Trust/ Instagram)

Sharad Kapoor Health Update: फिल्म जोश (Josh) में शाहरुख खान (Shah Rukh Khan) के साथ धमाल मचाने वाले बॉलीवुड एक्टर शरद कपूर (Sharad Kapoor) पिछले कुछ समय से अपनी सेहत और पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में उनका एक वीडियो सामने आया था, जिसके बाद उनके चाहने वालों ने उनकी स्थिति को लेकर चिंता जताई थी। अब एक्टर की दोस्त हेमा चौधरी (Hema Chaudhary) ने उनकी सेहत को लेकर नया अपडेट दिया है। उन्होंने बताया कि शरद के आसपास लोगों की लगातार बढ़ती आवाजाही और फोन कॉल्स का असर भी उनकी स्थिति पर पड़ रहा है। ऐसे में डॉक्टरों ने उन्हें कुछ समय तक आराम करने की सलाह दी है।

शुरू हुआ शरद कपूर का इलाज

हेमा चौधरी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर बताया कि शरद कपूर के ब्लड टेस्ट शुरू हो गए हैं। कुछ रिपोर्ट्स आ चुकी हैं, जबकि बाकी रिपोर्ट्स अगले कुछ दिनों में मिलने की उम्मीद है। इन रिपोर्ट्स के आधार पर डॉक्टर आगे के इलाज का फैसला करेंगे। हालांकि, उनका इलाज शुरू हो चुका है और डॉक्टरों ने उन्हें पूरी तरह बेड रेस्ट करने की सलाह दी है। हेमा ने बताया कि डॉक्टरों ने शरद को फिलहाल आइसोलेशन में रहने और फोन कॉल्स से दूर रहने के लिए कहा है। कम से कम एक हफ्ते तक उन्हें किसी का फोन नहीं उठाना है। इसी वजह से उनका फोन बंद कर दिया गया है और फिलहाल हेमा के पास है। हेमा के मुताबिक, शरद पिछले करीब दो साल से लोगों से बहुत कम बातचीत कर रहे थे। ऐसे में पिछले 7 से 10 दिनों में अचानक मीडिया, फैंस और जानने वालों के लगातार संपर्क करने से वह काफी परेशान हो गए थे।

दो साल से सेहत संबंधी परेशानियों से जूझ रहे हैं शरद

हेमा चौधरी ने पहले बताया था कि शरद पिछले करीब दो साल से गंभीर डिप्रेशन, न्यूरोलॉजिकल परेशानियों और पैर में चोट जैसी दिक्कतों से जूझ रहे हैं। वहीं, शरद ने हाल ही में अपनी एक बातचीत में कहा था कि वह अपने पालतू कुत्तों की मौत के बाद इमोशनल रूप से परेशान थे। अब उनके इलाज के शुरू होने के बाद फैंस उनके जल्द ठीक होने की दुआ कर रहे हैं।

Abhay
अभयauthor

अभय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एंटरटेनमेंट डेस्क पर चीफ कॉपी एडिटर हैं। टीवी पत्रकारिता में डिप्लोमा हासिल करने वाले अभय मनोरंजन जगत की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। वे फिल्म, टीवी, ओटीटी और सेलिब्रिटी अपडेट्स को सरल भाषा में और सटीक जानकारी के साथ पेश करने के लिए जाने जाते हैं। अभय अबतक 9,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं। तेजी से बदलती एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में खबरों को पकड़ने, रिसर्च करने और समय पर प्रकाशित करने में उनकी खास दक्षता है।

और पढ़ें
End of Article