अध्यात्म

Dev Uthani Ekadashi Puja Samagri: देवउठनी एकादशी पर पूजा की थाली में क्या रखें, नोट करें कंप्लीट सामग्री लिस्ट

Dev Uthani Ekadashi Puja Samagri: देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु और माता तुलसी की पूजा के लिए खास तैयारियां की जाती हैं। जानिए देवउठनी ग्यारस की पूजा के लिए संपूर्ण सामग्री लिस्ट।

Image

देव उठनी एकादशी की पूजा सामग्री

Dev Uthani Ekadashi Puja Samagri: हिंदू धर्म में देवउठनी एकादशी को बेहद शुभ तिथि माना जाता है। मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु चार महीने की योगनिद्रा से जागते हैं और इसके साथ ही चातुर्मास का समापन हो जाता है। देवताओं के जागने की खुशी में भक्त घरों और मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना करते हैं। कई स्थानों पर इस दिन भगवान शालिग्राम और माता तुलसी का विवाह भी कराया जाता है। यही वजह है कि देवउठनी एकादशी पर पूजा की तैयारियां कुछ खास होती हैं।

इस पर्व पर भगवान विष्णु को पीले फूल, तुलसी दल और मौसमी फल अर्पित करने की परंपरा है। इसके साथ ही गन्ने से मंडप सजाना और सिंघाड़ा, आंवला व शकरकंद जैसी मौसमी चीजों को पूजा में शामिल करना भी खास माना जाता है। अगर आप देवउठनी एकादशी का व्रत और पूजन करने जा रहे हैं तो सामग्री की तैयारी पहले ही कर लें। आइए जानते हैं पूजा सामग्री की पूरी लिस्ट।

एकादशी पर भगवान विष्णु की पूजा सामग्री

देवउठनी एकादशी पर भगवान विष्णु की पूजा के लिए उनकी प्रतिमा या तस्वीर और शालिग्राम की व्यवस्था करें। पूजा के लिए लकड़ी की चौकी पर पीला कपड़ा बिछाएं। इसके साथ माता तुलसी का पौधा भी पूजा स्थल पर रखें। अभिषेक के लिए गंगाजल, शुद्ध जल, दूध, दही, घी, शहद और कलश की जरूरत होगी।

शृंगार और पूजन के लिए पीले फूल, फूलों की माला, तुलसी दल, पीला चंदन, हल्दी, रोली, कुमकुम, जनेऊ, पान, सुपारी, लौंग और इलायची रखें। दीप प्रज्वलित करने के लिए मिट्टी या पीतल का दीपक, घी अथवा तिल का तेल और रुई की बाती भी तैयार रखें। इसके अलावा धूप, अगरबत्ती, कपूर, शंख और घंटी पूजा में काम आते हैं।

देवउठनी एकादशी पूजा सामग्री की पूरी लिस्ट

  • भगवान विष्णु की प्रतिमा या तस्वीर और शालिग्राम
  • माता तुलसी का पौधा
  • लकड़ी की चौकी और पीला वस्त्र
  • गंगाजल, शुद्ध जल और कलश
  • पंचामृत के लिए दूध, दही, घी और शहद
  • पीले फूल, माला और तुलसी दल
  • हल्दी, रोली, कुमकुम और पीला चंदन
  • जनेऊ, पान, सुपारी, लौंग और इलायची
  • दीप और आरती की सामग्री
  • मिट्टी या पीतल का दीपक
  • घी या तिल का तेल और रुई की बाती
  • धूप, अगरबत्ती और कपूर
  • शंख और घंटी
  • भोग और मौसमी सामग्री
  • गुड़, बताशे और पीली मिठाई
  • खीर और नारियल
  • गन्ना, सिंघाड़ा और आंवला
  • शकरकंद, बेर और अमरूद
  • मूली, गाजर और अन्य मौसमी फल-सब्जियां
  • तुलसी विवाह और सजावट का सामान
  • चुनरी और वस्त्र
  • फूलों की माला
  • गेरू और खड़िया या पिसे हुए चावल
  • पूजा की थाली, परात और डलिया

देवउठनी एकादशी की पर किन चीजों का भोग लगाया जाता है?

देवउठनी एकादशी की पूजा में गन्ने का विशेष स्थान है। कई क्षेत्रों में गन्ने के चार टुकड़ों या डंडों से मंडप तैयार किया जाता है। इसी मंडप के नीचे भगवान शालिग्राम और माता तुलसी को स्थापित करके विवाह की रस्में निभाई जाती हैं। धार्मिक परंपरा में इसे भगवान विष्णु और माता तुलसी के विवाह का प्रतीक माना जाता है।

गन्ने के अलावा सिंघाड़ा, आंवला, शकरकंद, बेर और अमरूद जैसे मौसमी फल भी पूजा में शामिल किए जाते हैं। कई घरों में मूली, गाजर और दूसरी मौसमी सब्जियां भी भगवान को अर्पित की जाती हैं। इन चीजों को नई फसल और प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करने की परंपरा से भी जोड़कर देखा जाता है। इस दिन उन्हें गुड़, बताशे, नारियल, खीर और पीले रंग की मिठाइयां अर्पित की जा सकती हैं।

पूजा में इन बातों का रखें ध्यान

देवउठनी एकादशी पर पूजा करते समय साफ-सफाई और सात्विकता का विशेष ध्यान रखें। भगवान विष्णु को भोग लगाते समय तुलसी दल जरूर शामिल करें। एकादशी व्रत के नियमों के अनुसार चावल और सामान्य अनाज का सेवन नहीं किया जाता। पूजा में अक्षत के इस्तेमाल को लेकर अलग-अलग क्षेत्रों और परिवारों में अलग परंपराएं प्रचलित हैं, इसलिए अपनी कुल परंपरा का पालन करें।

gulshan kumar
गुलशन कुमारauthor

गुलशन कुमार टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के हेल्थ सेक्शन से जुड़े हैं। फिटनेस और योग के प्रति उनकी रुचि उन्हें हेल्थ जर्नलिज्म की ओर लेकर आई, जहां वे आम लोगों की जीवनशैली, सेहत और वेलनेस से जुड़े विषयों पर लगातार काम कर रहे हैं। गुलशन अबतक 2,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। उनके लेखों में आसान भाषा में दी गई जानकारी, रिसर्च-बेस्ड टिप्स और रोजमर्रा की सेहत से जुड़े विषयों की स्पष्ट समझ दिखाई देती है। हेल्थ अवेयरनेस को बढ़ावा देना, फिटनेस को सरल तरीके से समझाना और बेहतर लाइफस्टाइल के लिए उपयोगी सुझाव देना—गुलशन की लेखन शैली की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article