बिजनेस

रिटायरमेंट के बाद नियमित आमदनी का नया रास्ता! EPFO ने किस्तों में PF निकालने को दी हरी झंडी

EPFO ने सेवानिवृत्त सदस्यों को PF राशि मासिक, तिमाही या छमाही किस्तों में निकालने की स्वैच्छिक योजना को मंजूरी दी है। बची राशि पर रिटर्न मिलता रहेगा और पहले चरण में 6.32 लाख सदस्यों को लाभ मिलेगा।

Image

EPFO ने भविष्य निधि (PF) की जमा राशि किस्तों में निकालने की योजना को मंजूरी दी।

Photo : iStock

PF Installment Withdrawal: रिटायरमेंट के बाद अपनी जीवन भर की जमा पूंजी को सुरक्षित रखने और उससे नियमित आमदनी पाने की चाह रखने वाले करोड़ों नौकरीपेशा लोगों के लिए बड़ी राहत भरी खबर है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों के लिए भविष्य निधि (पीएफ) की जमा राशि किस्तों में निकालने की योजना को मंजूरी दे दी है। अब सदस्य रिटायरमेंट के समय अपनी पूरी पीएफ राशि एक साथ निकालने के बजाय अपनी जरूरत और सुविधा के अनुसार नियमित किस्तों में भी प्राप्त कर सकेंगे। यह अहम फैसला केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया की अध्यक्षता में हुई कर्मचारी भविष्य निधि के केंद्रीय न्यासी बोर्ड (सीबीटी) की 240वीं बैठक में लिया गया। श्रम मंत्रालय के बयान के अनुसार, इस नई व्यवस्था के लागू होने से सेवानिवृत्त सदस्यों को रिटायरमेंट के बाद आर्थिक नियोजन में अधिक लचीलापन मिलेगा और उनकी बचत पर लगातार लाभ भी मिलता रहेगा।

अपनी सुविधा के अनुसार चुन सकेंगे किस्तों का अंतराल

ईपीएफओ की इस नई व्यवस्था के तहत सेवानिवृत्त होने वाले सदस्यों को अपनी जमा राशि निकालने के लिए कई विकल्प मिलेंगे। सदस्य अपनी सुविधा और जरुरत के हिसाब से हर महीने, हर तीन महीने या हर छह महीने के अंतराल पर अपनी पीएफ राशि की किस्त प्राप्त कर सकेंगे। अभी तक रिटायरमेंट के समय बड़ी राशि एकमुश्त मिलने पर कई बार सदस्यों के सामने यह चुनौती रहती थी कि वे उस पैसे को कहां और कैसे सुरक्षित निवेश करें ताकि नियमित खर्च चलते रहें। नई किस्त निकासी योजना से यह समस्या काफी हद तक कम हो जाएगी, क्योंकि सदस्यों को एक तय और अनुमानित अंतराल पर नियमित आय का व्यवस्थित जरिया मिल सकेगा।

बची हुई जमा राशि पर मिलता रहेगा रिटर्न

इस योजना की सबसे खास बात यह है कि जब सदस्य अपनी पीएफ राशि किस्तों में निकालेंगे, तब भी खाते में बची हुई शेष जमा राशि पर प्रतिफल मिलता रहेगा। साथ ही, अपनी जमा पूंजी पर सदस्य का पूरा अधिकार भी बना रहेगा। एक्सपर्ट्स और नीति निर्माताओं का मानना है कि यह व्यवस्था रिटायरमेंट के बाद मिलने वाली पेंशन या अन्य आय के साथ मिलकर सदस्य की नियमित आमदनी को मजबूत करेगी। इससे बुजुर्ग सदस्यों को रोजमर्रा के खर्चों और आकस्मिक जरुरतों को संभालने में अधिक सहूलियत मिलेगी।

पूरी तरह स्वैच्छिक होगी यह सुविधा

न्यूज एजेंसी पीटीआई-भाषा के मुताबिक श्रम मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि किस्तों में पीएफ राशि निकालने की यह सुविधा पूरी तरह स्वैच्छिक होगी। किसी भी सदस्य पर यह बाध्यता नहीं होगी कि उसे अपनी राशि किस्तों में ही निकालनी है। जो सदस्य पहले की तरह अपनी पूरी जमा राशि एकमुश्त लेना चाहते हैं, उनके लिए वह विकल्प भी खुला रहेगा। इसके अलावा, इस विकल्प का लाभ पात्र परिवार के सदस्यों और लाभार्थियों को भी मिल सकेगा। इससे परिवारों को रिटायरमेंट या कठिन परिस्थितियों के बाद अधिक वित्तीय सुरक्षा और लचीलापन हासिल हो सकेगा।

योजना के पीछे के प्रमुख उद्देश्य

इस कदम के पीछे कई बड़े लक्ष्य रखे गए हैं। इसका मुख्य उद्देश्य सेवानिवृत्ति के बाद सदस्यों को स्थिर और नियमित आय सुनिश्चित करना है। इसके साथ ही, बड़ी राशि को एक साथ कहीं और लगाने से जुड़े दोबारा निवेश के जोखिम को कम करना भी इस योजना का अहम हिस्सा है। इसके अलावा, यह कदम कोष की स्थिरता को मजबूत करने में मदद करेगा। साथ ही, इसका एक बड़ा उद्देश्य ‘गिग’ यानी काम के आधार पर सेवा देने वाले और मंच आधारित कामगारों तक सामाजिक सुरक्षा का दायरा बढ़ाना भी है, ताकि बदलते कार्यक्षेत्र के अधिक से अधिक लोगों को सुरक्षित भविष्य का भरोसा मिल सके।

शुरुआती चरण में 6.32 लाख सदस्यों को फायदा मिलने की उम्मीद

प्रस्तावित व्यवस्था के शुरुआती चरण में 55 वर्ष से अधिक आयु के उन ईपीएफ सदस्यों को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है, जिनके भविष्य निधि खातों में पांच लाख रुपये से अधिक की राशि जमा है। अनुमान के मुताबिक, पहले चरण में करीब 6.32 लाख सदस्य इस दायरे में आ सकते हैं। ईपीएफओ के इस फैसले को रिटायरमेंट के बाद की आर्थिक सुरक्षा को अधिक व्यावहारिक और भरोसेमंद बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article