देश

अविवाहित माता-पिता से जन्मे बच्चे की कस्टडी पर मां का पहला दावा मजबूत: सुप्रीम कोर्ट

सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि अविवाहित माता-पिता से जन्मे बच्चे की कस्टडी विवाद में पहली नजर में मां का दावा मजबूत होता है, और चार वर्षीय बच्चे की अंतरिम कस्टडी जर्मन मां को सौंप दी।

Image

बच्चों की कस्टडी पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला (प्रतीकात्मक फोटो- Canva)

सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि अविवाहित माता-पिता से जन्मे बच्चे की कस्टडी को लेकर विवाद होने पर पहली नजर में मां का दावा पिता से ज्यादा मजबूत होता है। कोर्ट ने कहा कि जब तक इसके विपरीत कोई बात साबित नहीं होती, कानून में बच्चे की कस्टडी मां को देने को प्राथमिकता दी गई है। जस्टिस एनवी अंजारिया और जस्टिस एन कोटिश्वर सिंह की पीठ ने यह टिप्पणी करते हुए चार साल के बच्चे की अंतरिम कस्टडी उसकी जर्मन मां को सौंप दी। मां सिंगापुर में नौकरी करती है और बच्चे को अपनी देखरेख में वहां ले जाकर पढ़ाना चाहती थी। वहीं, बच्चे के भारतीय पिता ने उसे भारत में ही अपने पास रखने की मांग की थी।

बच्चे की कस्टडी में मां को प्राथमिकता

सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि भारतीय और अंतरराष्ट्रीय कानूनों में अविवाहित माता-पिता से जन्मे बच्चों के मामले में मां को कस्टडी के लिए प्राथमिकता दी गई है। कोर्ट ने हिंदू माइनॉरिटी एंड गार्जियनशिप एक्ट, 1956 की धारा 6(बी) और दूसरे कानूनी प्रावधानों का हवाला दिया। पीठ ने कहा कि बच्चे के हित और कल्याण का सिद्धांत माता-पिता के कानूनी अधिकारों से ऊपर है।

इस केस में कोर्ट ने किस आधार पर सुनाया फैसला

कोर्ट ने पाया कि मां ने बच्चे की पढ़ाई, देखभाल और भविष्य को लेकर ज्यादा ठोस योजना पेश की है। वहीं, पिता की व्यस्त पेशेवर जिंदगी के कारण बच्चे की देखभाल के लिए रिश्तेदारों और नैनी पर निर्भरता की आशंका भी जताई। कोर्ट ने कहा कि मां के सिंगापुर वापस नहीं लौट पाने से उसकी नौकरी और बच्चे के भविष्य पर भी असर पड़ सकता है।

पिता से संपर्क में रहेगा बच्चा

हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने पिता के बच्चे से मिलने और संपर्क बनाए रखने के लिए कई शर्तें लगाई हैं। बच्चे को सात दिन से अधिक की स्कूल छुट्टियों में भारत लाना होगा, जहां वह पिता और पैतृक परिवार के साथ समय बिता सकेगा। मां को बच्चे का भारत की भाषा, खानपान और सामाजिक परिवेश से जुड़ाव बनाए रखना होगा। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि यह अंतरिम व्यवस्था है और स्थायी कस्टडी पर पटियाला हाउस फैमिली कोर्ट स्वतंत्र रूप से फैसला करेगा।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article