Honda Elevate Facelift का इंतजार बहुत जल्द खत्म होने जा रहा है। कंपनी अपनी पॉपुलर मिड-साइज एसयूवी के फेसलिफ्ट मॉडल को कल भारतीय बाजार में लॉन्च करने जा रही है। नए मॉडल में डिजाइन से लेकर इंटीरियर और फीचर्स तक कई बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे। हालांकि, इसके इंजन और ट्रांसमिशन में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है। इस बीच ग्राहक नई Honda Elevate को ऑनलाइन या देशभर में मौजूद ऑथराइज्ड Honda डीलरशिप पर 21,000 रुपये की टोकन राशि देकर बुक कर सकते हैं। आइए जल्दी से Elevate Facelift के लॉन्च से पहले इसकी अनुमानित कीमत और फीचर्स पर एक नजर डाल लें-
कितनी हो सकती है कीमत?
नई Honda Elevate Facelift की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत करीब 12 लाख रुपये से शुरू होकर 18 लाख रुपये तक जा सकती है। लॉन्च के बाद इसका मुकाबला Hyundai Creta, Kia Seltos, Maruti Grand Vitara, Maruti Victoris, Toyota Hyryder, Tata Sierra और Renault Duster जैसी मिड-साइज SUV से होगा।
पूरी तरह बदल जाएगा फ्रंट लुक
2026 Honda Elevate Facelift के फ्रंट डिजाइन में सबसे ज्यादा बदलाव देखने को मिलेंगे। SUV में ग्रिल के साथ हॉरिजॉन्टल और सेगमेंटेड LED डेटाइम रनिंग लैंप दिए जाएंगे। Honda का लोगो अब ग्रिल की जगह बोनट पर नजर आएगा। वहीं, ग्रिल के ऊपर मौजूद क्रोम बार को कॉन्ट्रास्टिंग ग्रे शेड दिया जाएगा। SUV में LED हेडलैंप और मौजूदा आइब्रो-स्टाइल DRL को बरकरार रखा जाएगा। इसके अलावा 17-इंच अलॉय व्हील भी मिलेंगे। पीछे की तरफ नई Elevate में कनेक्टेड LED लाइट बार मिलने की उम्मीद है। खास बात यह है कि SUV में 360-डिग्री सराउंड व्यू कैमरा भी दिया जाएगा।
इंटीरियर को भी मिलेगा नया लुक
फेसलिफ्ट मॉडल के इंटीरियर को भी नया लुक मिलेगा। मौजूदा टैन कलर केबिन की जगह हल्के रंग का इंटीरियर दिया जा सकता है। इसमें डैशबोर्ड और डोर पैड्स पर एम्बिएंट लाइटिंग मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा व्हाइट लेदरेट सीट्स भी मिल सकती हैं, जो अभी एक्सेसरी के तौर पर उपलब्ध हैं। टीजर में पतले AC वेंट्स की झलक भी दिखाई गई है।
फीचर्स भी होंगे अपग्रेड
नई Elevate में अपडेटेड 10.25-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, प्रीमियम साउंड सिस्टम, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, इलेक्ट्रिकली एडजस्टेबल ड्राइवर सीट, वायरलेस Android Auto और Apple CarPlay, सिंगल-पेन सनरूफ और ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल जैसे फीचर्स मिल सकते हैं। फ्रंट पार्किंग सेंसर भी जोड़े जा सकते हैं। सुरक्षा के लिए 6 एयरबैग, Level 2 ADAS, हिल होल्ड असिस्ट, 360-डिग्री कैमरा और ब्लाइंड-व्यू मॉनिटर जैसे फीचर्स जारी रहेंगे।
इंजन में नहीं होगा बदलाव
हालांकि, Honda Elevate Facelift में मौजूदा 1.5-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन ही मिलने की संभावना है। यह इंजन 119bhp की पावर और 145Nm का टॉर्क जनरेट करता है। ट्रांसमिशन के लिए 6-स्पीड मैनुअल और CVT ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के विकल्प मिलेंगे।
