ऑटो न्यूज़

BMW की नई दमदार बाइक भारत में लॉन्च, कीमत 25.40 लाख, जानें खूबियां

BMW Motorrad ने अपने भारतीय ग्राहकों के लिए एक नई एडवेंचर बाइक BMW R 12 G/S लॉन्च की है। इस बाइक को Completely Built-Up यूनिट के रूप में भारत लाया गया है।

Image

BMW R 12 G/S भारत में लॉन्च (Photo: bmw motorrad)

BMW Motorrad ने भारतीय बाजार में अपनी नई एडवेंचर बाइक BMW R 12 G/S को लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इसे Pro Variant में पेश किया है, जिसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 25.40 लाख रुपये रखी गई है। यह बाइक CBU (Completely Built-Up) यूनिट के रूप में भारत लाई गई है। यानी इसका निर्माण विदेश में किया गया है और इसे पूरी तरह तैयार कर भारतीय बाजार में बेचा जाएगा।

सिंगल लाइट व्हाइट कलर में आई बाइक

कंपनी ने इसे सिंगल लाइट व्हाइट कलर में पेश किया है, जिसमें कॉन्ट्रास्टिंग कलर एक्सेंट देखने को मिलते हैं। इसका डिजाइन 1980 में आई BMW R 80 G/S से प्रेरित है, जिसने कंपनी की एडवेंचर मोटरसाइकिलों की पहचान बनाने में अहम भूमिका निभाई थी।

BMW R 12 G/S का डिजाइन और लुक

BMW R 12 G/S का डिजाइन काफी खास और रेट्रो एडवेंचर स्टाइल वाला है। इसमें कंपनी ने एक्सपोज्ड बॉक्सर इंजन, ऊंचा फ्रंट मडगार्ड और रेड फ्लैट सीट दी है। इसके अलावा बाइक में क्लासिक डिजाइन के साथ मॉडर्न एलिमेंट्स का इस्तेमाल किया गया है। इसका लुक उन लोगों को आकर्षित कर सकता है, जो एडवेंचर मोटरसाइकिल के साथ रेट्रो डिजाइन पसंद करते हैं।

BMW R 12 G/S का इंजन और परफॉर्मेंस

इस बाइक में 1,170cc का एयर/ऑयल-कूल्ड ट्विन-सिलेंडर बॉक्सर इंजन दिया गया है। यह इंजन 109hp की अधिकतम पावर और 115Nm का पीक टॉर्क जनरेट करता है। इंजन की पावर पिछले पहिये तक पहुंचाने के लिए इसमें शाफ्ट फाइनल ड्राइव दिया गया है। बाइक में हाई-सेट साइलेंसर के साथ अपडेटेड एग्जॉस्ट सिस्टम भी मिलता है। कंपनी के मुताबिक, BMW R 12 G/S की टॉप स्पीड 210 किलोमीटर प्रति घंटा है।

BMW R 12 G/S के हार्डवेयर और ब्रेकिंग

बाइक में ट्यूबलर स्टील फ्रेम दिया गया है। इसके फ्रंट में पूरी तरह एडजस्ट होने वाले 45mm अपसाइड-डाउन फोर्क्स मिलते हैं, जिनमें 210mm का ट्रैवल है। वहीं, रियर में Paralever सेटअप के साथ 200mm ट्रैवल मिलता है। इसमें आगे 21 इंच और पीछे 18 इंच के क्रॉस-स्पोक व्हील दिए गए हैं। ब्रेकिंग के लिए दोनों पहियों में डिस्क ब्रेक और BMW Motorrad ABS Pro मिलता है। बाइक की सीट हाइट 875mm और वजन 229 किलोग्राम है।

BMW R 12 G/S के फीचर्स और राइडिंग मोड

फीचर्स की बात करें तो इसमें Rain, Road, Enduro और Enduro Pro समेत चार राइडिंग मोड मिलते हैं। इसके अलावा Dynamic Traction Control और Engine Drag Torque Control भी दिया गया है। बाइक में Comfort Package के तहत क्रूज कंट्रोल, Shift Assistant Pro, Hill Start Control Pro और हीटेड ग्रिप्स मिलते हैं। वहीं, Enduro Package में ऑफ-रोड राइडिंग के लिए बड़ा इंजन गार्ड, हैंडलबार राइजर, हैंड लीवर प्रोटेक्टर और एंड्यूरो फुटरेस्ट दिए गए हैं।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article