इलेक्ट्रिक एसयूवी (Electric SUV) की बढ़ती मांग को देखते हुए महिंद्रा इस सेगमेंट में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए नए मॉडल पेश करने की तैयारी कर रही है। कंपनी तीन-रो इलेक्ट्रिक एसयूवी सेगमेंट में अपनी मौजूदगी बढ़ाने के लिए नई Mahindra BE 07 लाने की तैयारी में है। इसके प्रोडक्शन-रेडी वर्जन को जून 2027 तक पेश किया जा सकता है। यह एसयूवी अपने डिजाइन, आधुनिक फीचर्स और लंबी ड्राइविंग रेंज के कारण चर्चा में है।
फ्यूचरिस्टिक होगा Mahindra BE 07 का डिजाइन
महिंद्रा ने पहली बार BE 07 कॉन्सेप्ट को साल 2022 में पेश किया था। यह इलेक्ट्रिक एसयूवी कंपनी की Heartcore डिजाइन लैंग्वेज पर आधारित होगी और इसे INGLO इलेक्ट्रिक प्लेटफॉर्म पर तैयार किया जाएगा। उम्मीद है कि इसके प्रोडक्शन मॉडल में कॉन्सेप्ट के ज्यादातर डिजाइन एलिमेंट्स देखने को मिलेंगे।
इसके फ्रंट में बड़ी क्लोज्ड ग्रिल, नीचे की तरफ C-शेप LED DRLs के साथ वर्टिकल हेडलैंप और स्क्वेयर डिजाइन वाला बोनट मिल सकता है। इसके अलावा बंपर में इंटीग्रेटेड लोअर एयर इनटेक भी दिए जाने की उम्मीद है। साइड प्रोफाइल की बात करें तो इसमें फ्लश-फिटिंग डोर हैंडल, एयरो-ऑप्टिमाइज्ड अलॉय व्हील, बड़े व्हील आर्च और बॉडी क्लैडिंग मिल सकती है। वहीं, पीछे की तरफ C-शेप LED टेललैंप और स्पोर्टी बंपर दिया जा सकता है।
7-सीटर केबिन और फीचर्स
कॉन्सेप्ट मॉडल में पांच सीटों का कॉन्फिगरेशन था, लेकिन प्रोडक्शन मॉडल को सात सीटों के साथ पेश किए जाने की उम्मीद है। ऐसे में इसका आकार कॉन्सेप्ट से थोड़ा बड़ा हो सकता है। कॉन्सेप्ट की लंबाई 4,565mm, चौड़ाई 1,900mm और ऊंचाई 1,660mm थी। इसका व्हीलबेस 2,775mm था।
केबिन में ट्रिपल-स्क्रीन डैशबोर्ड सबसे खास फीचर हो सकता है। इसमें सेंट्रल इंफोटेनमेंट स्क्रीन, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और फ्रंट पैसेंजर के लिए अलग डिस्प्ले मिलने की संभावना है। इसके अलावा पैनोरमिक ग्लास रूफ, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, वायरलेस चार्जिंग, हेड-अप डिस्प्ले, टाइप-C चार्जिंग पोर्ट, वायरलेस Android Auto और Apple CarPlay जैसे फीचर्स मिल सकते हैं।
683Km तक मिल सकती है रेंज
महिंद्रा ने अभी BE 07 के बैटरी और मोटर स्पेसिफिकेशन की आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है। हालांकि, इसमें 59kWh और 79kWh के बैटरी पैक विकल्प मिलने की उम्मीद है। जहां Mahindra BE 6 का 59kWh वर्जन 557Km और 79kWh वर्जन 683Km की दावा की गई MIDC रेंज देता है। वहीं, नई BE 07 में रियर-व्हील ड्राइव (RWD) और ऑल-व्हील ड्राइव (AWD) दोनों विकल्प मिल सकते हैं।
