ऑटो न्यूज़

नई Bike लाने की जल्दी कहीं पड़ न जाए भारी! डिलीवरी से पहले PDI है सबसे जरूरी तैयारी

New bike PDI checklist: नई बाइक खरीदना हर किसी का सपना होता है, लेकिन शोरूम की चमक-धमक में अक्सर लोग छोटी गलतियों को नजरअंदाज कर देते हैं। डिलीवरी लेने से पहले PDI (Pre-Delivery Inspection) करना इसलिए जरूरी है ताकि आप किसी भी मैन्युफैक्चरिंग डिफेक्ट या डैमेज से बच सकें।

Image

नई बाइक लाने की जल्दी न पड़ जाए भारी (Photo: AI Generated)

New bike PDI checklist: नई बाइक खरीदना हर व्यक्ति के लिए एक खास एक्सपीरियंस होता है। लेकिन क्या आप जानते हैं डिलीवरी लेने से पहले PDI यानी प्री-डिलीवरी इंस्पेक्शन कितना जरूरी है। कई बार ग्राहक जल्दबाजी में बिना ठीक से जांच किए बाइक ले लेते हैं और बाद में छोटी-छोटी खामियों के कारण परेशानी उठानी पड़ती है। अगर आप भी एक नई बाइक खरीदने का प्लान बना रहे हैं तो प्री-डिलीवरी इंस्पेक्शन को लेकर ये जानकारी आपके काम की हो सकती है।

सही जांच आपको भविष्य के खर्च और झंझट से बचा सकती है।

चेसिस और इंजन नंबर बिल

सबसे पहले बाइक का चेसिस नंबर (VIN) और इंजन नंबर बिल और आरसी के डॉक्यूमेंट्स से मिलान करें। यह नंबर आमतौर पर फ्रेम पर लिखा होता है। इसके साथ ही बाइक का निर्माण माह और वर्ष अवश्य जांचें। कोशिश करें कि बहुत पुराना स्टॉक न लें।

बाहरी बॉडी

बाइक की बाहरी बॉडी को ध्यान से देखें। फ्यूल टैंक, साइड पैनल, मडगार्ड, अलॉय व्हील और साइलेंसर पर कहीं खरोंच, डेंट या दोबारा पेंट के निशान न हों। टायर बिल्कुल नए दिखने चाहिए और उनका निर्माण वर्ष भी साइड में लिखा होता है, उसे भी देख लें।

ओडोमीटर की रीडिंग

ओडोमीटर की रीडिंग जांचना भी जरूरी है। नई बाइक में सामान्यतः 0 से 20 किलोमीटर तक की रीडिंग होती है, जो टेस्टिंग और ट्रांसपोर्ट के कारण होती है। अगर रीडिंग इससे अधिक हो तो डीलर से इसका कारण जरूर पूछें।

इलेक्ट्रिकल सिस्टम

इलेक्ट्रिकल सिस्टम की पूरी जांच करें। हेडलाइट (हाई और लो बीम), इंडिकेटर, ब्रेक लाइट, हॉर्न और मीटर कंसोल सही काम कर रहे हों। सेल्फ-स्टार्ट तुरंत काम करे और इंजन की आवाज सामान्य होनी चाहिए। कोई असामान्य कंपन या तेज आवाज नहीं आनी चाहिए।

ब्रेक, क्लच और एक्सीलेरेटर

ब्रेक, क्लच और एक्सीलेरेटर को दबाकर देखें कि वे स्मूथ हैं या नहीं। आगे और पीछे के ब्रेक सही पकड़ बना रहे हों। सस्पेंशन को हल्का दबाकर उसकी कार्यक्षमता जांचें।

जरूरी डॉक्यूमेंट्स

सभी जरूरी डॉक्यूमेंटस् जैसे बिल, बीमा पॉलिसी, अस्थायी पंजीकरण और वारंटी पुस्तिका पूरी होनी चाहिए। पहली सर्विस की तारीख और शर्तें भी समझ लें।

चाहे आप Hero Splendor Plus, Honda Shine या Bajaj Pulsar 150 जैसी लोकप्रिय बाइक ही क्यों न खरीद रहे हों, PDI हर मॉडल के लिए समान रूप से महत्वपूर्ण है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article