Independence Day: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को कहा कि उनकी पार्टी ’मोहब्बत की दुकान’ खोलने की बात करती है ताकि देश में शांति कायम रहे, जबकि भाजपा, आरएसएस और मौजूदा सरकार शांति भंग करना चाहते हैं। खरगे ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कांग्रेस मुख्यालय में तिरंगा फहराने के बाद अपने संबोधन में कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल स्वतंत्रता संग्राम को याद करने का दिन नहीं है, बल्कि यह आत्ममंथन करने का भी अवसर है कि स्वतंत्रता सेनानियों ने जिस भारत का सपना देखा था, वह कितना पूरा हुआ है। कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित समारोह में कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और पार्टी के कई अन्य वरिष्ठ नेता शामिल थे।
आजादी के नायकों को किया याद
खरगे ने कहा कि आजादी केवल सत्ता परिवर्तन नहीं थी, बल्कि प्रत्येक भारतीय का जीवन बेहतर बनाने का संकल्प था और कांग्रेस के प्रधानमंत्रियों ने इसी सोच को आगे बढ़ाया। उन्होंने जवाहरलाल नेहरू, लाल बहादुर शास्त्री और इंदिरा गांधी के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि शास्त्री ने देश में हरित और श्वेत क्रांति की नींव मजबूत की, जबकि इंदिरा गांधी ने भारत की सैन्य और रणनीतिक शक्ति को मजबूत किया।
राम मंदिर चंदा चोरी पर बरसे
कांग्रेस अध्यक्ष ने राम मंदिर से जुड़े मुद्दे को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब मंदिर जैसी आस्था की जगहों पर सवाल उठ रहे हैं और गरीब अपनी छोटी-सी कमाई से श्रद्धा के रूप में 50 रुपये भी दान करता है, तो उस धन की सुरक्षा को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है। खरगे ने आरोप लगाया कि राम मंदिर निर्माण के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ट्रस्ट बनाया और अपने भरोसेमंद लोगों को उसमें शामिल किया, लेकिन अब "चढ़ावा चोरी" के आरोप सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा, "मोदी सरकार की जेब में न पैसे हैं और न दिमाग में विचार। देश के लिए कांग्रेस को ही काम करना है और उसका समय जल्द आएगा।’’
जेन-जी के मुद्दे पर खरगे ने सरकार को घेरा
कांग्रेस अध्यक्ष ने युवाओं के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि 21वीं सदी में दुनिया के सामने मजबूती से खड़े होने का सपना देखने वाले युवाओं के सपने कुचले जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की गलत नीतियों ने युवाओं को ऐसी स्थिति में धकेल दिया है कि देशभर में युवा आंदोलन कर रहे हैं। उनके मुताबिक, कांग्रेस इन युवाओं के साथ है और उनका समर्थन करती है। खरगे ने कहा कि संविधान नागरिकों को शांतिपूर्ण आंदोलन का अधिकार देता है और अपने अधिकारों के लिए सड़कों पर उतरना राष्ट्रद्रोह नहीं है। उन्होंने कहा कि अपने हक की आवाज उठाने वाला ’जेन-जी’ देशद्रोही नहीं है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि जब विपक्ष छात्रों के सवालों के जवाब लोकसभा और राज्यसभा में मांग रहा था, तब प्रधानमंत्री और गृह मंत्री सदन में नहीं आए। खरगे ने कहा कि मोदी सरकार में बुनियादी मुद्दों पर आंदोलन करने वालों के खिलाफ "पेड कैंपेन" चलाए जाते हैं।
राहुल गांधी पर क्या बोले खरगे
उन्होंने राहुल गांधी के ’मोहब्बत की दुकान’ वाले आह्वान का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य सभी को गले लगाना और देश में प्रेम एवं सद्भाव का माहौल बनाना है। खरगे ने आरोप लगाया कि जैसे आरएसएस के लोगों ने आजादी से पहले देश के खिलाफ काम किया, वैसे ही भाजपा आजादी के बाद देश के खिलाफ काम कर रही है।
राहुल गांधी ने दी स्वतंत्रता दिवस की बधाई
राहुल गांधी ने स्वतंत्रता दिवस पर अपने संदेश में कहा, ’’आज़ादी हमारे स्वतंत्रता सेनानियों द्वारा दिया गया सिर्फ़ एक तोहफ़ा नहीं, बल्कि एक ज़िम्मेदारी भी है। यह ज़िम्मेदारी है सत्य और अहिंसा के रास्ते पर चलने की, संविधान और तिरंगे के मूल्यों को अपने दिल में रखने की तथा हर हाल में लोकतंत्र की रक्षा करने की है। मुझे गर्व है कि हमारे देशवासी, खासकर युवा, इन मूल्यों की रक्षा के लिए एकजुट हैं।’’
