वायरल न्यूज़

Viral Video: मां ने चॉकलेट क्या छीनी, पुलिस स्टेशन ‘न्याय’ मांगने पहुंच गया बच्चा

मध्य प्रदेश के बुरहानपुर में चॉकलेट छीनने से नाराज 3 साल का बच्चा मां के खिलाफ शिकायत लेकर पुलिस चौकी पहुंच गया। मासूम की बात सुन पुलिसकर्मी भी मुस्कुरा उठे।

Image

मां के खिलाफ FIR कराने पहुंचा 3 साल का बच्चा (X/@gharkekalesh)

बच्चों की दुनिया भी बड़ी मजेदार होती है। उन्हें अगर कोई चीज पसंद आ जाए और वह न मिले तो वे अपनी बात मनवाने के लिए कुछ भी कर गुजरने को तैयार हो जाते हैं। मध्य प्रदेश के बुरहानपुर का एक ऐसा ही मामला सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है, जहां महज 3 साल का एक बच्चा अपनी मां के खिलाफ शिकायत लेकर पुलिस चौकी पहुंच गया। उसकी शिकायत की वजह जानेंगे तो शायद आपकी भी हंसी छूट जाएगी।

मां के खिलाफ थाने पहुंचा 3 साल का बच्चा

दरअसल, यह मामला साल 2022 का है, लेकिन इसका वीडियो (Video) एक बार फिर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में बुरहानपुर जिले की डेढ़तलाई पुलिस चौकी में एक छोटा सा बच्चा पुलिस अधिकारी के सामने बैठा दिखाई देता है। बच्चा अपनी मां से नाराज था और उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराने पहुंचा था।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:

मां ने छीनी चॉकलेट तो पहुंचा थाने

बताया गया कि बच्चा चॉकलेट या कैंडी खाने की जिद कर रहा था। इसी दौरान उसकी मां उसे नहलाने और काजल या टीका लगाने की कोशिश कर रही थीं। बच्चे की जिद से परेशान होकर मां ने उसे डांट दिया और हल्की सी मार भी लगाई। बस फिर क्या था, बच्चा अपनी मां से नाराज हो गया। उसने अपने पिता से पुलिस के पास ले जाने की जिद पकड़ ली। पिता भी बच्चे को लेकर डेढ़तलाई पुलिस चौकी पहुंच गए। वहां मौजूद सब-इंस्पेक्टर प्रियंका नायक ने जब बच्चे से पूछा कि क्या हुआ, तो मासूम ने अपनी ही भाषा में मां की शिकायत शुरू कर दी। बच्चे ने कहा कि “मम्मी मेरी चॉकलेट चुरा लेती हैं, मुझे मारती हैं, उन्हें जेल में डाल दो।” उसकी बात सुनकर वहां मौजूद पुलिसकर्मी और दूसरे लोग हंस पड़े।

पुलिस अधिकारी ने भी निभाया साथ

बच्चे की बात को मजाक में उड़ाने के बजाय पुलिस अधिकारी ने उसकी मासूमियत का पूरा साथ दिया। उन्होंने कागज और पेन निकाला और बच्चे की शिकायत लिखने का नाटक किया। जब उससे साइन करने को कहा गया तो उसने पेन से कागज पर कुछ लकीरें खींच दीं। इस पूरे पल का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया जा रहा है। लोग बच्चे की मासूमियत और उसके ‘न्याय’ मांगने के अंदाज पर मजेदार कमेंट कर रहे हैं।

नोट: यह घटना साल 2022 की है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो (Viral Video) पुराने मामले का दोबारा शेयर किया गया क्लिप है।

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article