JSW MG Motor India ने अपनी नई 7-सीटर इलेक्ट्रिक SUV का पहला आधिकारिक टीजर जारी कर दिया है। कंपनी ने इसके लिए बुकिंग भी शुरू कर दी है। ग्राहक 21,000 देकर SUV को रिजर्व कर सकते हैं। बुकिंग MG की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए की जा सकती है। कंपनी ने बताया है कि नई SUV को 26 अगस्त 2026 को भारत में आधिकारिक तौर पर पेश किया जाएगा। माना जा रहा है कि इसका नाम MG Hector Hawk EV हो सकता है, हालांकि कंपनी ने अभी नाम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
ADAPT प्लेटफॉर्म पर आधारित होगी पहली SUV
नई Hector Hawk MG की नई ADAPT (Advanced Drive Architecture Platform) पर आधारित कंपनी की पहली प्रोडक्शन SUV होगी। इस प्लेटफॉर्म को इलेक्ट्रिक, प्लग-इन हाइब्रिड, स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड और रेंज-एक्सटेंडर हाइब्रिड जैसे कई पावरट्रेन को सपोर्ट करने के लिए तैयार किया गया है।
कंपनी ने टीजर के जरिए यह भी पुष्टि की है कि भारत में इस प्लेटफॉर्म पर आधारित पहला मॉडल पूरी तरह इलेक्ट्रिक होगा। इसके बाद इसके प्लग-इन हाइब्रिड वर्जन को भी बाजार में उतारे जाने की उम्मीद है।
बड़ी और प्रीमियम SUV जैसा डिजाइन
टीजर में SUV का पूरा डिजाइन सामने नहीं आया है, लेकिन इसका सिल्हूट काफी हद तक दिखाई देता है। इसमें ऊंचा और सीधा स्टांस, लंबा व्हीलबेस, रूफ रेल्स और बड़ा ग्लास एरिया नजर आता है।
7-सीटर केबिन और दमदार फीचर्स
भारत में Hector Hawk को केवल 7-सीटर लेआउट में पेश किए जाने की उम्मीद है। इसमें दूसरी और तीसरी रो में बेंच-टाइप सीटिंग मिल सकती है। फीचर्स की बात करें तो इसमें 12.8 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, वायरलेस Android Auto और Apple CarPlay, डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले, वायरलेस चार्जिंग और ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल मिल सकता है।
इसके अलावा पैनोरमिक सनरूफ, पावर्ड और वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, 360 डिग्री कैमरा और Level 2 ADAS जैसे फीचर्स भी मिलने की उम्मीद है।
530 किमी तक की रेंज का दावा संभव
इलेक्ट्रिक वर्जन में 69.2kWh बैटरी पैक दिया जा सकता है, जिसके साथ फ्रंट-माउंटेड इलेक्ट्रिक मोटर मिलेगी। अंतरराष्ट्रीय स्पेसिफिकेशन के आधार पर यह सेटअप करीब 204 PS की पावर और 310 Nm टॉर्क दे सकता है।
SUV की संभावित ड्राइविंग रेंज करीब 530 किमी हो सकती है। इसमें DC फास्ट चार्जिंग सपोर्ट भी मिलने की उम्मीद है, जिसके जरिए आदर्श परिस्थितियों में बैटरी को करीब 30% से 80% तक लगभग 20 मिनट में चार्ज किया जा सकता है। हालांकि, भारत-स्पेक मॉडल की बैटरी, चार्जिंग स्पीड और प्रमाणित रेंज की जानकारी कंपनी बाद में देगी।
बाद में आएगा PHEV वर्जन
EV के बाद Hector Hawk का प्लग-इन हाइब्रिड वर्जन भी पेश किया जा सकता है। इसमें 1.5-लीटर पेट्रोल इंजन के साथ इलेक्ट्रिक मोटर और 20.5kWh बैटरी पैक मिलने की उम्मीद है। इसका संयुक्त आउटपुट करीब 194 bhp और 230 Nm हो सकता है।
