देश की पॉपुलर कॉम्पैक्ट SUV Maruti Suzuki Brezza अब नए अवतार में आने को तैयार है। हाल ही में 2026 Maruti Suzuki Brezza को भारत में टेस्टिंग के दौरान देखा गया है। टेस्टिंग के दौरान इस एसयूवी के अंडरबॉडी CNG टैंक को नोटिस किया गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी नई Brezza में ऐसा CNG सेटअप देने की तैयारी कर रही है, जिससे ग्राहकों को पहले के मुकाबले ज्यादा बूट स्पेस मिल सके।
कई कारों के अपडेटेड मॉडल पर चल रहा काम
Maruti Suzuki इस समय अपनी कई कारों के अपडेटेड मॉडल पर काम कर रही है, जिनमें Baleno और Brezza जैसी गाड़ियां शामिल हैं। टेस्टिंग के दौरान दिखी नई Brezza भारी कैमुफ्लाज में नजर आई, लेकिन इसके नीचे लगे CNG टैंक ने साफ कर दिया कि कंपनी अब CNG कारों को ज्यादा प्रैक्टिकल बनाने की दिशा में काम कर रही है। इससे पहले Maruti Suzuki ने सितंबर 2025 में लॉन्च हुई Victoris में पहली बार अंडरबॉडी CNG टैंक टेक्नोलॉजी पेश की थी। अब यही तकनीक Brezza में भी देखने को मिल सकती है।
Brezza में हाइब्रिड सेटअप भी हो सकता है ऐड
नई Brezza के इंजन की बात करें तो इसमें मौजूदा 1.5 लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन मिलने की उम्मीद है। यह इंजन 99hp की पावर और 137Nm का टॉर्क जनरेट करता है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि SUV के CNG वर्जन में अंडरबॉडी सेटअप दिया जाएगा। इसके अलावा, कंपनी इसमें हाइब्रिड सेटअप भी जोड़ सकती है। कुछ पुराने स्पाई शॉट्स में यह संकेत मिले थे कि नई Brezza में 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स भी मिल सकता है।
कैसा होगा नई ब्रेजा का डिजाइन
डिजाइन की बात करें तो 2026 Brezza का लुक मौजूदा मॉडल से काफी मिलता-जुलता दिखाई देता है। टेस्टिंग मॉडल में हेडलैंप और टेललैंप का डिजाइन लगभग पहले जैसा ही नजर आया। हालांकि, कंपनी इसमें नए बंपर, अपडेटेड ग्रिल और नए डिजाइन वाले अलॉय व्हील्स दे सकती है, जिससे SUV को थोड़ा फ्रेश लुक मिलेगा। बाकी डिजाइन डिटेल्स अभी कैमुफ्लाज के नीचे छिपी हुई हैं।
क्या बदल जाएंगे इंटीरियर और फीचर्स?
नई Brezza के इंटीरियर और फीचर्स में भी बदलाव देखने को मिल सकते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, इसमें बड़ा इंफोटेनमेंट डिस्प्ले दिया जा सकता है। मौजूदा मॉडल में 9-इंच स्क्रीन मिलती है, जबकि नए मॉडल में 10.25-इंच यूनिट देखने को मिल सकती है। इसके साथ अपडेटेड यूजर इंटरफेस भी दिया जा सकता है। टेस्टिंग मॉडल में ORVMs के पास एक्सटेंशन दिखाई दिए, जिससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि इसमें 360-डिग्री कैमरा सिस्टम भी मिल सकता है।
नई ब्रेजा कब होगी लॉन्च
फिलहाल कंपनी की तरफ से लॉन्च डेट या कीमत को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। लेकिन लगातार हो रही टेस्टिंग से संकेत मिल रहे हैं कि 2026 Maruti Suzuki Brezza को आने वाले समय में भारतीय बाजार में पेश किया जा सकता है।
