शहर

राजस्थान पुलिस होगी हाईटेक, ड्रोन-जैमर के साथ मिलेंगे खास वाहन, 96.82 करोड़ रुपये का बजट मंजूर

राजस्थान सरकार ने पुलिस आधुनिकीकरण के लिए 96.82 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। इस राशि से SOG, एंटी नारकोटिक्स और एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।

Image

सांकेतिक फोटो

Photo : PTI

राजस्थान की कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ और हाई-टेक बनाने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। पुलिस विभाग को आधुनिक तकनीक और संसाधनों से लैस करने के लिए सरकार ने 96 करोड़ 82 लाख रुपये की राशि मंजूर की है।पुलिस आधुनिकीकरण योजना के तहत इस बजट में केंद्र और राज्य सरकार दोनों मिलकर हिस्सेदारी निभा रही हैं। इस योजना का मकसद पुलिस की निगरानी व्यवस्था, विशेष अभियानों और जवानों के प्रशिक्षण को तकनीकी रूप से मजबूत करना है।

स्वीकृत राशि में केंद्र सरकार की ओर से 58 करोड़ 9 लाख 23 हजार रुपये और राज्य सरकार की तरफ से 38 करोड़ 78 लाख 82 हजार रुपये दिए जाएंगे। बजट घोषणा 2026-27 के तहत इस राशि का इस्तेमाल विशेष तौर पर एसओजी (SOG), एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स को आधुनिक हथियारों और साजो-सामान से लैस करने के लिए किया जाएगा। इन एजेंसियों के लिए अत्याधुनिक कार्यालय, विशेष वाहन और उपकरण खरीदे जाएंगे।

बम निरोधक दस्ते को मिलेंगी 20 नई वैन

दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस बल को आपातकालीन और विशेष अभियानों के लिए 2.60 करोड़ रुपये की लागत से 20 'स्पेशल पर्पज व्हीकल' मिलेंगे। इसके अलावा, 6 करोड़ रुपये की लागत से 20 आधुनिक बम डिस्पोजल स्क्वायड (BDS) वैन खरीदी जाएंगी। इन वैन को K9 डॉग यूनिट के साथ तैयार किया जाएगा। इससे बम निरोधक दस्ते को तलाशी अभियान और संदिग्ध वस्तुओं की जांच में सहायता मिलेगी।

निगरानी के लिए ड्रोन और जैमर की खरीद

पुलिस की तकनीकी क्षमता बढ़ाने के लिए 2.10 करोड़ रुपये में 7 आधुनिक ड्रोन खरीदे जाएंगे। विशेष अभियानों और संवेदनशील गतिविधियों में इस्तेमाल के लिए 1.25 करोड़ रुपये का पोर्टेबल जैमर भी लिया जाएगा। इसके अलावा संदिग्ध सामान की जांच के लिए 1.40 करोड़ रुपये की लागत से पांच आधुनिक बैगेज स्कैनर खरीदे जाएंगे।

आधुनिक तकनीक से होगी फायरिंग की ट्रेनिंग

फायरिंग सिमुलेटर से ट्रेनिंग: पुलिसकर्मियों के प्रशिक्षण को वैश्विक स्तर का बनाने के लिए 1.60 करोड़ रुपये की लागत से दो '6-लेन फायरिंग सिमुलेटर' खरीदे जाएंगे। इसके जरिए जवान बिना असल गोलियों के अत्याधुनिक तकनीक से सटीक फायरिंग का अभ्यास कर सकेंगे। इससे निशानेबाजी और ऑपरेशन संबंधी प्रशिक्षण को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article