भारत का सबसे बड़ा ऑटोमोबाइल शो एक बार फिर वापसी करने जा रहा है। Bharat Mobility Global Expo 2027 की तारीखों, वेन्यू और टिकट की कीमतों का ऐलान कर दिया गया है। इस बार Auto Expo का आयोजन 4 से 9 फरवरी 2027 तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में होगा। खास बात यह है कि इस बार एंट्री के लिए 200 से 300 रुपये तक टिकट खरीदना होगा। इससे पहले 2025 में आयोजित एक्सपो में आम लोगों के लिए एंट्री मुफ्त थी। इस बार BMW, Mercedes-Benz, Tata Motors, Maruti Suzuki और Mahindra जैसी बड़ी कंपनियां हिस्सा लेंगी।
कब और कहां होगा Auto Expo 2027?
Auto Expo 2027 का आयोजन नई दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में किया जाएगा। यह आयोजन 4 फरवरी से 9 फरवरी 2027 तक चलेगा। हालांकि, सभी दिन आम लोगों के लिए एंट्री नहीं होगी। 4 फरवरी को सिर्फ मीडिया और ऑटो इंडस्ट्री से जुड़े लोगों को प्रवेश मिलेगा। 5 और 6 फरवरी को आम लोग सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक एक्सपो देख सकेंगे। वहीं, 7, 8 और 9 फरवरी को विजिटर्स के लिए समय सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित किया गया है।
कितनी होगी टिकट की कीमत?
इस बार Auto Expo देखने के लिए टिकट खरीदना होगा। आयोजकों ने अलग-अलग तारीखों के हिसाब से टिकट की कीमत तय की है।
- 4 फरवरी: सिर्फ मीडिया और इंडस्ट्री के लोगों के लिए, आम लोगों की एंट्री नहीं।
- 5 और 6 फरवरी: 300 रुपये प्रति व्यक्ति।
- 7, 8 और 9 फरवरी: 200 रुपये प्रति व्यक्ति।
BMW, Tata और Mahindra समेत ये कंपनियां लेंगी हिस्सा
2027 के ऑटो एक्सपो में कई बड़ी ऑटोमोबाइल कंपनियों के शामिल होने की पुष्टि हुई है। इनमें Ashok Leyland, Ather, BMW, BYD, Honda, Tata Motors, Hyundai, Kia, Maruti Suzuki, Mahindra, Mercedes-Benz, Renault, Toyota, VinFast और MG जैसी कंपनियां शामिल हैं।
आयोजकों के मुताबिक, यह प्रतिभागियों की अंतिम सूची नहीं है। एक्सपो शुरू होने से पहले इसमें और कंपनियां जुड़ सकती हैं। ऐसे में दर्शकों को नई कारों, इलेक्ट्रिक वाहनों और ऑटोमोबाइल टेक्नोलॉजी से जुड़े कई नए मॉडल देखने को मिल सकते हैं।
Auto Expo के अलावा भी होंगे कई बड़े इवेंट
Bharat Mobility Global Expo 2027 में सिर्फ कारों और बाइकों का प्रदर्शन नहीं होगा। इसके साथ India International Tyre Show, Components and Technology Show, Air Mobility Expo और Bharat Construction Equipment Show जैसे आयोजन भी होंगे। इनमें से कुछ इवेंट द्वारका स्थित यशोभूमि एग्जिबिशन सेंटर में आयोजित किए जाएंगे। इनकी तारीखों और एंट्री से जुड़ी जानकारी आधिकारिक वेबसाइट पर अलग से उपलब्ध कराई जाएगी।
