दुनिया

न्यूयॉर्क का पहला मुस्लिम मेयर बनने की दहलीज पर 33 साल के भारतवंशी जोहरान ममदानी, पार किया पहला पड़ाव

ममदानी ने समर्थकों को दिए भाषण में कहा कि आज की रात, हमने इतिहास रच दिया। मैं न्यूयॉर्क सिटी के मेयर पद के लिए आपका डेमोक्रेटिक पार्टी का प्रत्याशी होऊंगा।

Image

जोहरान ममदानी

Photo : AP

Zohran Mamdani-भारतीय-अमेरिकी जोहरान ममदानी ने न्यूयॉर्क सिटी का मेयर बनने की ओर पहला पड़ाव पार कर लिया है। ममदानी ने मेयर पद के लिए डेमोक्रेटिक पार्टी के प्राइमरी चुनाव में मंगलवार रात को जीत की घोषणा की। इस चुनाव में उनके प्रतिद्वंद्वी एवं एंड्रयू क्युमो ने हार स्वीकार कर ली है। हालांकि, इस चुनाव का अंतिम फैसला ‘रैंक्ड च्वॉइस वोटिंग’ यानी आरसीवी के जरिए होगा लेकिन 33 वर्षीय डेमोक्रेटिक नेता ममदानी इस दौड़ में सबसे आगे हैं।

ममदानी बोले, आज की रात हमने इतिहास रच दिया

आरसीवी ऐसी निर्वाचन प्रणाली है जिसमें मतदाता अपने मतपत्रों पर वरीयता के आधार पर उम्मीदवार को रैंक देते हैं। ममदानी ने समर्थकों को दिए भाषण में कहा कि आज की रात, हमने इतिहास रच दिया। मैं न्यूयॉर्क सिटी के मेयर पद के लिए आपका डेमोक्रेटिक पार्टी का प्रत्याशी होऊंगा। यौन उत्पीड़न कांड के बाद वापसी का प्रयास कर रहे क्युमो ने समर्थकों से कहा कि उन्होंने ममदानी को फोन करके बधाई दी है। क्युमो ने समर्थकों से कहा, आज की रात, उनकी रात है। वह इसके हकदार है। वह जीत गए।

मौजूदा मेयर एरिक एडम्स से होगा मुकाबला

अगर ममदानी यह चुनाव जीतते हैं, तो वह न्यूयॉर्क सिटी के पहले मुस्लिम और भारतीय-अमेरिकी मेयर बनेंगे। मौजूदा मेयर एरिक एडम्स ने डेमोक्रेटिक पार्टी के प्राइमरी चुनाव में भाग नहीं लिया है और वह एक स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में दोबारा चुनाव लड़ रहे हैं। न्यूयॉर्क सिटी के बोर्ड ऑफ इलेक्शन्स के अनौपचारिक नतीजों के अनुसार, ममदानी को एंड्रयू क्युमो की तुलना में ज्यादा मतपत्रों पर प्राथमिकता दी गई। रैंक्ड च्वॉइस वोटिंग में जिन वोटों की गिनती होगी, उनकी संख्या आगे चलकर और कम हो सकती है, जिससे ममदानी की बढ़त और पक्की मानी जा रही है।

प्राइमरी चुनाव के विजेता का सामना मौजूदा मेयर एरिक एडम्स से होगा, जो मूल रूप से डेमोक्रेट हैं लेकिन अब स्वतंत्र उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रहे हैं। एडम्स ने भ्रष्टाचार के आरोपों में उनके खिलाफ मामला दर्ज होने पर जनता की भारी नाराजगी के बीच निर्दलीय के तौर पर चुनाव लड़ने का फैसला लिया है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article