दुनिया

उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज होंगी वेनेजुएला की अंतरिम राष्ट्रपति, सुप्रीम कोर्ट ने दिया आदेश

  • Agency by: Agency
  • Updated Jan 4, 2026, 09:01 AM IST

वेनेजुएला की उपराष्ट्रपति डेल्सी रॉड्रिग्ज ने शनिवार को एक भाषण में अमेरिका से राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को छोड़ने की मांग की और उन्हें देश का वैध राष्ट्रपति बताया। मादुरो और उनकी पत्नी को रातोंरात एक सैन्य अड्डे में स्थित उनके आवास से पकड़ लिया गया था।

Delcy Rodriguez

डेल्सी रोड्रिग्ज होंगी वेनेजुएला की अंतरिम राष्ट्रपति

Photo : AP

Delcy Rodriguez- निकोलस मादुरो के पकड़े जाने और अमेरिका ले जाने के बाद अब वेनेजुएला की कमान किसके हाथ होगी, ये बड़ा सवाल है। इस बीच देश की शीर्ष अदालत ने निर्देश दिया है कि उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज वेनेजुएला की अंतरिम राष्ट्रपति होंगी। वेनेजुएला की सुप्रीम कोर्ट ने उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज को अंतरिम राष्ट्रपति बनाने का आदेश दिया है। ब्लूमबर्ग के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट ने डेल्सी रोड्रिग्ज को तुरंत राष्ट्रपति के सभी अधिकारों के साथ अंतरिम तौर पर कार्यभार संभालने के लिए कहा है।

डेल्सी रॉड्रिग्ज ने की मादुरो को छोड़ने की मांग

वहीं, वेनेजुएला की उपराष्ट्रपति डेल्सी रॉड्रिग्ज ने शनिवार को एक भाषण में अमेरिका से राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को छोड़ने की मांग की और उन्हें देश का वैध राष्ट्रपति बताया। मादुरो और उनकी पत्नी को रातोंरात एक सैन्य अड्डे में स्थित उनके आवास से पकड़ लिया गया था। अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा दायर अभियोग में उन पर नार्को-आतंकवाद से जुड़े षड्यंत्र में शामिल होने का आरोप लगाया गया है। दोनों को अभियोजन का सामना करने के लिए न्यूयॉर्क ले जाया गया है।

ट्रंप ने जताई अपनी मंशा

ट्रंप ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि जब तक सत्ता का सुरक्षित हस्तांतरण नहीं हो जाता, तब तक अमेरिका वेनेजुएला को चलाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिकी सैन्य अभियान के बादवह अमेरिकी तेल कंपनियों को वेनेजुएला में प्रवेश करने और उसके विशाल कच्चे तेल भंडार का दोहन करने की अनुमति देंगे। वेनेजुएला पर 2019 से अमेरिकी तेल प्रतिबंध लगे हुए हैं। यह देश प्रतिदिन लगभग दस लाख बैरल कच्चे तेल का उत्पादन करता है। ट्रंप का दावा है कि कराकस तेल के पैसे का इस्तेमाल नशीली दवाओं से जुड़े आतंकवाद, मानव तस्करी, हत्या और अपहरण को वित्त पोषित करने के लिए कर रहा है।

वेनेजुएला अमेरिकी सेना के शीर्ष जनरल डैन केन ने पत्रकारों को बताया कि कराकस में रात के समय की गई छापेमारी में वेनेजुएला के राष्ट्रपति को छुड़ाने के लिए चलाए गए सैन्य अभियान की महीनों की योजना और पूर्वाभ्यास" की गई थी और इसमें 150 से अधिक अमेरिकी विमानों का इस्तेमाल किया गया था।

End of Article