दुनिया

पोलैंड में स्कूलों पर हमलों से हड़कंप! एक हफ्ते में तीसरी वारदात, 76 गिरफ्तार; 50 हजार संस्थानों की जांच

Poland School Attack: पोलैंड में एक ही हफ्ते के अंदर स्कूल पर हमले की तीसरी घटना सामने आने से पूरा देश दहल गया है। शनिवार को राजधानी वारसॉ के एक शैक्षणिक संस्थान में 21 वर्षीय युवती ने तीन लोगों को घायल कर दिया। इससे पहले दो अलग-अलग हमलों में एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है और कई लोग घायल हुए हैं।

Image

पोलैंड में लगातार हमलों से मचा हड़कंप

Photo : AP

Poland School Attack: यूरोपीय देश पोलैंड में लगातार हो रहे स्कूल हमलों ने पूरी दुनिया को झकझोर कर रख दिया है। एक ही हफ्ते के अंदर शनिवार को तीसरे स्कूल हमले की खबर सामने आई, जिसने देश की सुरक्षा व्यवस्था और माता-पिता की चिंता बढ़ा दी है। ताज़ा मामला राजधानी वारसॉ का है, जहां एक 21 वर्षीय युवती ने एक शैक्षणिक संस्थान के भीतर तीन लोगों पर हमला कर दिया।

एपी के मुताबिक वारसॉ पुलिस के प्रवक्ता याकुब फिलिपियाक के अनुसार, हमलावर युवती ने किसी 'खतरनाक वस्तु' से 17 साल की एक लड़की पर हमला किया। इस दौरान बीच-बचाव और अफरा-तफरी में 17 और 24 साल के दो अन्य लोग भी घायल हो गए। गनीमत यह रही कि तीनों घायलों की जान खतरे से बाहर है और पुलिस ने तुरंत स्थिति पर काबू पा लिया।

अब तक 50 हजार स्कूलों की जांच

इस तीसरे हमले से ठीक पहले शनिवार को पुलिस ने बताया था कि उन्होंने किसी भी बड़ी अनहोनी को रोकने के लिए देशभर के करीब 50,000 स्कूलों में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया, जिसके तहत 76 लोगों को हिरासत में लिया गया। इससे पहले बुधवार को पोलैंड के माज़ोवियन प्रांत में एक 19 वर्षीय छात्र ने धारदार हथियार से अपने सहपाठियों और शिक्षकों पर हमला कर नौ लोगों को घायल कर दिया था।

15 साल के एक पूर्व छात्र ने स्कूल के केयरटेकर को चाकू घोपकर मार डाला

इसके अगले ही दिन उसी इलाके के एक पूर्व छात्र (15 वर्ष) ने अपने पुराने स्कूल के केयरटेकर की चाकू मारकर हत्या कर दी और दो अन्य को घायल कर दिया था। सोशल मीडिया पर 'ब्लडी फ्राइडे' के नाम से हमलों की अफवाहें फैलने के बाद शुक्रवार को सुरक्षा कारणों से 59 से अधिक स्कूलों को एहतियातन बंद कर दिया गया था। पुलिस ने चेकिंग के दौरान कई छात्रों के बैग से चाकू और पटाखे बरामद किए हैं, जिन्होंने इंटरनेट पर धमकियां दी थीं।

पोलैंड के गृह मंत्री मार्सिन कीरविंस्की ने स्पष्ट किया है कि युवाओं और बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। हालांकि, सरकार का कहना है कि अब तक इन हमलों के आपस में जुड़े होने या किसी ऑनलाइन ट्रेंड का हिस्सा होने के सबूत नहीं मिले हैं, फिर भी पूरे देश के शिक्षण संस्थानों में अभूतपूर्व सुरक्षा चौकसी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article