दुनिया

US Iran War: क्या वाकई अमेरिका ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से तेल टैंकर को किया एस्कॉर्ट? व्हाइट हाउस ने बता दी सच्चाई

व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलाइन लैविट ने कहा कि अमेरिकी नौसेना ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से इस समय किसी भी तेल टैंकर या जहाज को एस्कॉर्ट नहीं किया है। हालांकि, राष्ट्रपति ट्रंप ने साफ कहा है कि जरूरत पड़ने पर और उचित समय पर ये एक ऐसा विकल्प है, जिसका वे निश्चित रूप से इस्तेमाल कर सकते हैं।

Image

अमेरिकी नौसेना ने होर्मुज स्ट्रेट से किसी भी तेल टैंकर या जहाज को एस्कॉर्ट नहीं किया: व्हाइट हाउस

Photo : AP

US Iran War: अमेरिका-ईरान के बीच जारी संघर्ष के बीच दुनियाभर में कच्चे तेल और गैस की आपूर्ति को लेकर चिंता बढ़ गई है। इसी बीच व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलाइन लैविट ने एक बड़ी जानकारी दी है।

मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने पुष्टि करते हुए कहा कि अमेरिकी नौसेना ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से इस समय किसी भी तेल टैंकर या जहाज को एस्कॉर्ट नहीं किया है। हालांकि, राष्ट्रपति ट्रंप ने साफ कहा है कि जरूरत पड़ने पर और उचित समय पर ये एक ऐसा विकल्प है, जिसका वे निश्चित रूप से इस्तेमाल कर सकते हैं।

दरअसल, इससे पहले अमेरिकी ऊर्जा मंत्री के एक सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया गया था कि अमेरिकी नौसेना ने एक तेल टैंकर को सुरक्षित रूप से होर्मुज स्ट्रेट पार कराया है। बाद में यह पोस्ट हटा दिया गया और व्हाइट हाउस ने स्पष्ट किया कि ऐसा कोई एस्कॉर्ट मिशन नहीं हुआ था।

इस घटनाक्रम के बाद अमेरिकी प्रशासन ने आधिकारिक तौर पर स्थिति साफ करते हुए कहा कि फिलहाल नौसेना ने किसी भी जहाज को सुरक्षा नहीं दी है।

ईरान के जहाजों पर अमेरिका ने किया हमला

इसी बीच ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर ईरान पर बड़ा हमले करने का दावा किया है। ट्रंप ने सोशल मीडिया पोस्ट कर ईरान पर हमले की जानकारी दी है। ट्रंप ने कहा कि मुझे ये बताते हुए खुशी हो रही है कि बीते कुछ घंटों के भीतर हमने माइन बिछाने वाली ईरान की 10 इनएक्टिव नौकाओं और जहाजों को निशाना बनाकर उन्हें पूरी तरह से नष्ट कर दिया है। ऐसे हमले आगे भी जारी रहेंगे।

क्यों अहम है होर्मुज स्ट्रेट?

होर्मुज स्ट्रेट दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में से एक है। वैश्विक तेल सप्लाई का बड़ा हिस्सा इसी रास्ते से गुजरता है। अगर यहां सैन्य तनाव बढ़ता है या जहाजों की आवाजाही रुकती है, तो इसका असर पूरी दुनिया के तेल बाजार और ऊर्जा कीमतों पर पड़ सकता है।

ईरान की ओर से इस समुद्री मार्ग में खदानें (माइंस) बिछाने और जहाजों पर हमले की आशंका भी जताई गई है, जिसके कारण कई शिपिंग कंपनियां फिलहाल इस रास्ते से गुजरने से बच रही हैं।

ट्रंप तय करेंगे कब खत्म होगा युद्ध: व्हाइट हाउस

व्हाइट हाउस की प्रवक्ता कैरोलाइन लैविट ने कहा कि ईरान के खिलाफ यह ऑपरेशन तभी खत्म होगा, जब ट्रंप मानेंगे कि सभी लक्ष्य पूरे हो गए हैं और ईरान बिना शर्त आत्मसमर्पण कर चुका है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article