Pakistan News: रविवार की रात खैबर पख्तूनख्वा में एक आत्मघाती विस्फोट में एक सब-इंस्पेक्टर समेत कम से कम दो पुलिसकर्मी मारे गए और तीन लोग घायल हो गए। अधिकारी ने इस घटना की जानकारी दी।
पुलिस वैन पर हुआ था हमला
SSP मसूद बंगश ने बताया कि उत्तर पश्चिमी पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में यह घटना पेशावर के चमकनी पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आने वाले रिंग रोड पर हुई। जहां मवेशी बाजार के पास एक पुलिस मोबाइल वैन आत्मघाती हमलावर ने हमला किया। इस आत्मघाती हमले के बाद खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री का बयान आया है। सूबे के मुख्यमंत्री अली अमीन गंडापुर ने हमले की निंदा की है और घटना की जांच कर अधिकारियों से इसपर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
पहले भी हुए हैं हमले
खैबर पख्तूनख्वा में यह धमाके की कोई नई घटना नहीं है। इस साल लगभग हर महीने कम से कम एक विस्फोट की घटना हुई है। दो महीने पहले, 4 मार्च को खैबर पख्तूनख्वा सूबे में स्थित एक मिलिट्री कैंप में बड़ा विस्फोट हुआ था। जिसमें बड़ी संख्या में पाकिस्तानी सैनिकों के हताहत होने की खबर थी। आतंकवादी समूह के दो आत्मघाती हमलावरों ने विस्फोटकों से लदी दो कारों को उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान में एक सैन्य परिसर में घुसा दिया था, जिससे बड़े विस्फोट हुए। इस घटना में घायलों की पुष्टि नहीं हो पाई थी।
