दुनिया

असीम मुनीर ने जमकर कमाए पैसे! IRGC के कमांडर संग की चली तेल डील वाली चाल? सऊदी का कराया गुप्त समझौता

West Asia Crisis: पाकिस्तान के सेना प्रमुख असीम मुनीर ने कथित तौर पर ईरान के एक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी के साथ व्यावसायिक संबंधों का इस्तेमाल कर ईरान-सऊदी अरब के बीच में एक गुप्त समझौता कराया। रिपोर्ट के अनुसार, इस डील के बाद सऊदी अरब पर ईरानी मिसाइल हमले रुक गए।

Image

पाकिस्तान के सेना प्रमुख असीम मुनीर (फाइल फोटो)

West Asia Crisis: पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के बीच अमेरिका और ईरान के बीच मध्यस्थता कराने का ढोंग करने वाले पाकिस्तान ने बड़ा खेला कर दिया। पाकिस्तान ने ईरान के बिना किसी सरकारी रिकॉर्ड वाले तेल निर्यात में मदद के बदले रियाद और तेहरान के बीच एक गुप्त समझौता कराया। इस समझौते के बाद ईरान की ओर से सऊदी अरब पर होने वाले हमले कथित तौर पर रुक गए।

'द टाइम्स ऑफ इजरायल' ने इस घटनाक्रम से परिचित तीन सूत्रों के हवाले ये इसकी जानकारी दी। बकौल रिपोर्ट, सूत्रों में पश्चिम एशिया का एक राजनयिक, क्षेत्रीय खुफिया अधिकारी और बातचीत से जुड़ा एक अन्य व्यक्ति शामिल है।

तेहरान-रियाद के बीच कब हुआ समझौता

रिपोर्ट के मुताबिक, तेहरान और रियाद के बीच यह गुप्त समझौता मार्च के अंत में हुआ था। यह वही समय था जब अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच संघर्ष का शुरुआती दौर चल रहा था। इस दौरान, सऊदी अरब को ईरान की ओर से आ रही मिसाइलों का सामना करना पड़ा था। हालांकि, रिपोर्ट के मुताबिक, समझौता होने के बाद इन हमलों का सिलसिला रुक गया।

मुनीर ने कराया गुप्त समझौता

इस मामले की जानकारी रखने वाले अधिकारियों ने 'द टाइम्स ऑफ इजरायल' को बताया कि पाकिस्तान के सेना प्रमुख असीम मुनीर ने इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के कमांडक अहमद वाहिदी के साथ मिलकर तेहरान और रियाद के बीच गुप्त समझौता कराया। इस डील में एक ज्वाइंट ऑयल ट्रांसपोर्ट वेंचर को चालू रखने का लालच दिया गया, जो पिछले साल के अंत से ही गुपचुप तरीके से ईरानी तेल को पाकिस्तान पहुंचाया जा रहा है और कथित तौर पर अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों तथा ईरानी ऊर्जा निर्यात पर लगी पाबंदियों के बावजूद यह गतिविधि जारी रही।

एक अधिकारी के हवाले से बताया कि असीम मुनीर ने आईआरजीसी कमांडर को चेतावनी दी थी कि अगर सऊदी अरब पर हमले जारी रहे तो ज्वाइंट ऑयल ट्रांसपोर्ट वेंचर का भविष्य खतरे में पड़ सकता है।

PAK को हो रहा आर्थिक फायदा

बकौल रिपोर्ट, इस तेल कारोबार से दोनों पक्षों को आर्थिक लाभ हो रहा है। खासकर उस समय जब ईरान अमेरिकी समुद्री नाकाबंदी के कारण अपने वाणिज्यिक शिपिंग और तेल निर्यात में मुश्किलों का सामना कर रहा था। वहीं, पश्चिम एशिया के एक रायनयिक ने गुप्त समझौते की कड़ी आलोचना की। हालांकि, पाकिस्तान, सऊदी अरब या ईरान में से अभी किसी ने भी इस मसले पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article