दुनिया

बांग्लादेश में बड़ा सियासी घटनाक्रम! राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने कार्यकाल पूरा होने से पहले दिया इस्तीफा

Bangladesh President Mohammed Shahabuddin Resigns: बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनका कार्यकाल अभी करीब दो साल बाकी था। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, स्वास्थ्य संबंधी कारणों और राजनीतिक परिस्थितियों को उनके इस्तीफे की वजह माना जा रहा है।

Image

बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने दिया इस्तीफा

Photo : AP

Bangladesh President Mohammed Shahabuddin Resigns: बांग्लादेश की राजनीति में एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उनके एक करीबी सहयोगी ने इसकी पुष्टि की है। हालांकि, अभी तक राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से इस्तीफे की वजह को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार इसके पीछे स्वास्थ्य संबंधी कारण बताए जा रहे हैं।

आपको बता दें कि मोहम्मद शहाबुद्दीन ने अप्रैल 2023 में राष्ट्रपति पद की शपथ ली थी। उनका कार्यकाल पांच साल का था और अभी करीब दो साल बाकी थे। ऐसे में कार्यकाल पूरा होने से पहले उनका इस्तीफा देना बांग्लादेश (Bangladesh President Resignation) की राजनीति में बड़ी घटना माना जा रहा है। पिछले कुछ दिनों से उनके इस्तीफे की चर्चाएं तेज थीं। मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया कि सरकार और राष्ट्रपति के बीच कुछ मुद्दों को लेकर मतभेद बढ़ गए थे।

कुछ रिपोर्टों में यह भी कहा गया कि राष्ट्रपति द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना से संपर्क करने की कोशिशों को लेकर सरकार असहज थी। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। गौरतलब है कि बांग्लादेश में अगस्त 2024 में हुए छात्र आंदोलन के बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख हसीना की सरकार सत्ता से बाहर हो गई थी। इसके बाद उन्होंने भारत में शरण ली थी। वर्तमान में देश की राजनीति काफी संवेदनशील दौर से गुजर रही है और इसी बीच राष्ट्रपति का इस्तीफा एक नई राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया है।

बांग्लादेश के संविधान के अनुसार, यदि राष्ट्रपति इस्तीफा देते हैं तो नए राष्ट्रपति के चुनाव तक संसद के स्पीकर कार्यवाहक राष्ट्रपति की जिम्मेदारी संभालते हैं। ऐसे में अब आगे की संवैधानिक प्रक्रिया के तहत नए राष्ट्रपति के चुनाव की तैयारी की जाएगी। राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन के इस्तीफे के बाद बांग्लादेश की राजनीति किस दिशा में आगे बढ़ेगी, इस पर सबकी की नजर बनी हुई है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article