Pakistan Suicide Attack: उत्तर-पश्चिम पाकिस्तान में आतंकवाद का साया एक बार फिर गहरा गया है। अफगान सीमा के करीब स्थित टैंक जिले में एक संयुक्त सुरक्षा जांच चौकी को निशाना बनाकर किए गए भीषण आत्मघाती हमले में कम से कम 15 लोगों की जान चली गई, जिनमें 12 सैनिक शामिल हैं।
पाकिस्तानी सेना (Pakistani Army) द्वारा जारी बयान के मुताबिक, सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवाई में 12 आतंकवादी भी मारे गए हैं। सेना के अधिकारियों ने बताया कि यह घटना गुरुवार और शुक्रवार की मध्यरात्रि के दौरान हुई। आतंकवादियों ने पहले सैन्य और पुलिस बलों द्वारा संयुक्त रूप से चलाई जा रही इस चौकी में घुसने का प्रयास किया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: रवनीत सिंह बिट्टू ने दिया केंद्रीय मंत्री पद से इस्तीफा, जानिए क्यों छोड़नी पड़ी कुर्सी?
जोरदार धमाके के साथ इमारत ढही, जान-माल का भारी नुकसान
जब सतर्क जवानों ने उन्हें रोक दिया और परिसर में दाखिल नहीं होने दिया, तो हताश होकर हमलावरों ने विस्फोटकों (Terror Attack Pakistan) से भरी गाड़ियों को चौकी की बाहरी बाउंड्री वॉल से टकरा दिया। जोरदार धमाके के साथ इमारत ढह गई और जान-माल का भारी नुकसान हुआ।
TTP ने ली जिम्मेदारी, काबुल-इस्लामाबाद में तल्खी
इस भयावह हमले की जिम्मेदारी 'तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान' (TTP) ने ली है। टीटीपी ने दावा किया कि इस हमले को उनके चार आत्मघाती हमलावरों ने अंजाम दिया। उल्लेखनीय है कि टीटीपी 2007 से ही पाकिस्तान सरकार को उखाड़ फेंकने और देश में अपना सख्त इस्लामी कानून लागू करने के लिए संघर्ष कर रहा है।
इस घटना के बाद पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच जुबानी जंग (Islamabad Kabul Tensions) फिर तेज हो गई है। इस्लामाबाद का आरोप है कि ये आतंकी अफगान सरजमीं का इस्तेमाल कर पाकिस्तान में हमलों की साजिश रचते हैं। दूसरी ओर, काबुल में तालिबान सरकार ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे पाकिस्तान का अंदरूनी मामला करार दिया है।
