अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को व्हाइट हाउस में यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लादिमीर जेलेंस्की से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने रूस-यूक्रेन जंग को खत्म करने और आपसी हितों पर बातचीत की।
जेलेंस्की अपने अहम सहयोगियों के साथ व्हाइट हाउस पहुंचे थे। मुलाकात की शुरुआत में उन्होंने ट्रंप को गाजा में हाल ही में हुए सीजफायर और बंधक सौदे की कामयाबी पर मुबारकबाद दी। जेलेंस्की ने कहा, "राष्ट्रपति ट्रंप के पास अब रूस-यूक्रेन जंग को खत्म करने का सुनहरा मौका है। आपके पास अब रफ्तार है।"
टॉमहॉक मिसाइलें बेचने पर ट्रंप ने दिखाई नरमी
हाल के दिनों में ट्रंप ने यूक्रेन को टॉमहॉक मिसाइलें बेचने की बात पर कुछ हद तक नरमी दिखाई थी। यह मिसाइलें 1,600 किलोमीटर तक मार कर सकती हैं और यूक्रेन को रूस के अहम ठिकानों, ऊर्जा सुविधाओं और बुनियादी ढांचे पर हमला करने की ताकत दे सकती हैं। जेलेंस्की का मानना है कि ऐसी ताकत से रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन बातचीत के लिए और गंभीर होंगे।
मैंने आठ युद्ध रुकवाए: ट्रंपजेलेंस्की के साथ बैठक में ट्रंप ने कहा,"मैंने आठ युद्ध सुलझाए हैं। रवांडा और कांगो जाइए, भारत और पाकिस्तान के बारे में बात कीजिए। उन सभी युद्धों को देखिए जिन्हें हमने सुलझाया है, और हर बार जब मैंने सुलझाया, तो वे कहते हैं कि अगर तुम अगला सुलझाओगे, तो तुम्हें नोबेल पुरस्कार मिलेगा। मुझे नोबेल पुरस्कार नहीं मिला। किसी और को मिला जो एक बहुत अच्छी महिला है। मुझे नहीं पता कि वह कौन है, लेकिन वह बहुत उदार थी। मुझे इन सब बातों की परवाह नहीं है। मुझे बस जान बचाने की परवाह है। लेकिन यह नौवां होगा। इसलिए, जहां तक मुझे पता है, हमारे पास ऐसा कोई राष्ट्रपति नहीं रहा जिसने एक भी युद्ध सुलझाया हो। एक भी युद्ध नहीं।
उन्होंने आगे कहा कि बुश ने एक युद्ध शुरू किया था, लेकिन मैंने करोड़ों लोगों की जान बचाई। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने कहा, मैंने लाखों लोगों की जान बचाई। पाकिस्तान और भारत को ही उदाहरण के तौर पर देखिए। वह एक बुरा मामला होता। हालाँकि मैं समझता हूं कि पाकिस्तान ने हमला किया है, या अफगानिस्तान पर हमला हो रहा है। अगर मुझे इसे सुलझाना है, तो यह मेरे लिए आसान है। इस बीच, मुझे अमेरिका चलाना है, लेकिन मुझे युद्धों को सुलझाना। जानते हो क्यों? मुझे लोगों को मारे जाने से रोकना पसंद है, और मैंने लाखों-करोड़ों लोगों की जान बचाई है।"
